यमुना एक्सप्रेसवे पर सफर अब धीमा: कोहरे के कारण गति सीमा 75 किमी/घंटा तय, जानिए कब तक लागू रहेंगे नियम
सर्दियों की दस्तक और बढ़ते कोहरे को देखते हुए यमुना एक्सप्रेसवे पर वाहनों की अधिकतम रफ्तार कम कर दी गई है। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) ने सड़क सुरक्षा के मद्देनजर यह फैसला लिया…
सर्दियों की दस्तक और बढ़ते कोहरे को देखते हुए यमुना एक्सप्रेसवे पर वाहनों की अधिकतम रफ्तार कम कर दी गई है। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) ने सड़क सुरक्षा के मद्देनजर यह फैसला लिया है। नई गति सीमा 25 नवंबर से लागू होकर अगले साल 15 फरवरी 2027 तक प्रभावी रहेगी। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, इस दौरान हल्के और भारी, सभी तरह के वाहनों के लिए अधिकतम गति सीमा 100 किलोमीटर प्रति घंटे से घटाकर 75 किलोमीटर प्रति घंटा कर दी गई है।
यह कदम सर्दियों के मौसम में धुंध और कोहरे के कारण घटती दृश्यता (visibility) के चलते होने वाली दुर्घटनाओं की आशंका को कम करने के लिए उठाया गया है। प्राधिकरण ने एक्सप्रेसवे का संचालन करने वाली कंपनी जेपी इंफ्राटेक लिमिटेड को इस संबंध में सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं।
जागरूकता और सुरक्षा के उपाय
सिर्फ गति सीमा घटाना ही एकमात्र उपाय नहीं है। यीडा ने सुरक्षित ड्राइविंग को लेकर एक व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के भी निर्देश दिए हैं। इसके तहत एक्सप्रेसवे के एंट्री-एग्जिट पॉइंट, टोल प्लाजा और अन्य प्रमुख स्थानों पर पंपलेट बांटे जाएंगे, जिनमें कोहरे में गाड़ी चलाने से जुड़ी सावधानियों की जानकारी होगी।
इसके अलावा, टोल प्लाजा पर लगे पब्लिक एड्रेस सिस्टम और रेडियो एफएम के माध्यम से भी लगातार घोषणाएं की जाएंगी। बड़े डिस्प्ले बोर्ड लगाकर भी ड्राइवरों को जागरूक किया जाएगा।
एक्सप्रेसवे पर अन्य सुधार के निर्देश
प्राधिकरण ने पाया कि एक्सप्रेसवे पर कई जगहों पर रिफ्लेक्टिव टेप और साइन बोर्ड की चमक फीकी पड़ गई है, जिससे रात और कोहरे में ड्राइवरों को परेशानी होती है। इसे देखते हुए तत्काल नए रिफ्लेक्टिव टेप लगाने और पुराने को दुरुस्त करने का आदेश दिया गया है। साथ ही, एंट्री और एग्जिट पॉइंट पर फॉग लाइट लगाने को भी कहा गया है ताकि कम दृश्यता में रास्ता पहचानने में आसानी हो।
यीडा ने कंपनी को यह भी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है कि सप्ताहांत और सार्वजनिक अवकाश के दिनों में, जब ट्रैफिक अधिक होता है, टोल प्लाजा पर वाहनों की लंबी कतारें न लगें और यातायात सुचारु रूप से चलता रहे।
इनपुट: IANS



