तमिलनाडु: विधायकों से बोले CM विजय- 'अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं, जनता के काम पर ध्यान दें'
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय ने अपनी पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) के विधायकों को कड़ा संदेश देते हुए अनुशासन बनाए रखने की चेतावनी दी है। मामल्लापुरम के एक होटल में हुई बैठक में…
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय ने अपनी पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) के विधायकों को कड़ा संदेश देते हुए अनुशासन बनाए रखने की चेतावनी दी है। मामल्लापुरम के एक होटल में हुई बैठक में उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी तरह के अनुचित आचरण या अनुशासनहीनता करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, यह बैठक ऐसे समय में हुई जब सत्ताधारी दल के कुछ विधायक विवादों में घिरे हैं।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने विधायकों से एकजुट रहने और अपने क्षेत्र की जनता की समस्याओं के समाधान पर पूरा ध्यान केंद्रित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, "हमें सभी को एकजुट रहना है और लोगों की सेवा करते रहना है।" मुख्यमंत्री ने विधायकों को यह भी बताया कि वे किसी भी महत्वपूर्ण मामले या समस्या के लिए सीधे उनसे संपर्क कर सकते हैं।
विपक्षी दलों से सतर्क रहने की सलाह
सीएम विजय ने कथित तौर पर कहा कि विपक्षी दल उनकी सरकार को कमजोर करने के लिए तरह-तरह के जाल बिछा रहे हैं। उन्होंने विशेष रूप से डीएमके का जिक्र करते हुए कहा कि वह लगातार टीवीके सरकार के कामकाज में बाधा डालने की कोशिश कर रही है। इसलिए, विधायकों को राजनीतिक विवादों में उलझने के बजाय जनसेवा पर ध्यान देना चाहिए।
विवादों की पृष्ठभूमि में हुई बैठक
बुधवार को शाम करीब 4 बजे शुरू हुई यह बैठक उन हालिया विवादों की पृष्ठभूमि में हुई है, जिनमें डिप्टी स्पीकर पर एक व्यक्ति से मारपीट और कल्लाकुरिची के विधायक पर जिला कलेक्टर को आपत्तिजनक संदेश भेजने के आरोप शामिल हैं। हालांकि, इस बात की पुष्टि नहीं हुई है कि मुख्यमंत्री ने बैठक में इन मामलों का सीधे तौर पर उल्लेख किया या नहीं। उन्होंने यह ज़रूर कहा कि कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में पुलिस को पूरी स्वतंत्रता दी गई है और गलत रास्ते पर जाने वाले विधायकों पर कार्रवाई होगी। बैठक का मुख्य उद्देश्य विधायकों में अनुशासन, आपसी समन्वय और जनता से जुड़ाव को मजबूत करना था।
इनपुट: IANS



