आतंकवाद की नई चुनौती: AI, ड्रोन और सोशल मीडिया बन रहे हथियार, UNSC ने दी चेतावनी
आतंकवादी समूह अब लड़ाई के पारंपरिक तरीकों से आगे बढ़कर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), ड्रोन और सोशल मीडिया जैसे आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल कर रहे हैं। इस बदलते खतरे को देखते हुए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा…
आतंकवादी समूह अब लड़ाई के पारंपरिक तरीकों से आगे बढ़कर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), ड्रोन और सोशल मीडिया जैसे आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल कर रहे हैं। इस बदलते खतरे को देखते हुए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) ने सभी देशों से अपनी सुरक्षा रणनीतियों को आधुनिक बनाने की अपील की है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, परिषद ने आतंकवाद को अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा के लिए एक गंभीर खतरा बताते हुए इससे निपटने के लिए वैश्विक एकजुटता पर जोर दिया है।
वर्ल्ड ट्रेड सेंटर पर हुए आतंकी हमले की 25वीं वर्षगांठ के मौके पर फ्रांस की पहल पर यह विशेष बैठक बुलाई गई थी। इस दौरान, अक्सर वैश्विक मुद्दों पर विभाजित रहने वाली सुरक्षा परिषद ने आतंकवाद के खिलाफ दुर्लभ एकजुटता का प्रदर्शन किया। परिषद ने सर्वसम्मति से एक प्रेस वक्तव्य अपनाते हुए कहा कि आतंकवादियों के खिलाफ रणनीतियों को भी उनकी बदलती तकनीकों के अनुरूप विकसित करना होगा।
आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक एकजुटता
बैठक में अमेरिका के स्थायी प्रतिनिधि माइक वाल्श ने कहा कि सुरक्षा परिषद का हर सदस्य देश किसी न किसी रूप में आतंकवाद का शिकार रहा है, और यही वजह है कि इस मुद्दे पर सभी देश एकमत हैं। अफगानिस्तान में अमेरिकी सेना की विशेष ग्रीन बेरेट इकाई में सेवा दे चुके वाल्श ने कहा कि 9/11 के बाद से दुनिया भर में लाखों लोग आतंकी घटनाओं में मारे गए, घायल हुए या विस्थापित हुए हैं।
परिषद के अध्यक्ष जेरोम बोनाफोंट ने आगाह किया कि आतंकवादी समूह हमारी ही तकनीकी उपलब्धियों और आधुनिक वित्तीय प्रणालियों का दुरुपयोग हमारे खिलाफ कर रहे हैं, जिससे वैश्विक सुरक्षा के लिए चुनौतियां और भी जटिल हो गई हैं।
पीड़ितों को श्रद्धांजलि
बैठक से पहले, सुरक्षा परिषद के सभी 15 सदस्य देशों के प्रतिनिधियों ने न्यूयॉर्क स्थित वर्ल्ड ट्रेड सेंटर स्मारक का दौरा किया और हमलों के पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी। बैठक के दौरान भी अमेरिका में हुए आतंकी हमलों के पीड़ितों की याद में एक मिनट का मौन रखा गया। इन हमलों में लगभग 3,000 लोगों की जान गई थी।
इसी बीच, भारत में ब्रिक्स सम्मेलन में शामिल हुए संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने 9/11 की घटना को "मानवता पर हमला" करार दिया। उन्होंने आतंकवाद मुक्त भविष्य के निर्माण के लिए साझा प्रतिबद्धता को दोहराने का आह्वान किया।
इनपुट: IANS



