यूटा: जंगल की आग बुझाने गया हेलीकॉप्टर क्रैश, पायलट और क्रू सदस्य की मौत
अमेरिका के सेंट्रल यूटा में जंगलों में लगी भीषण आग को बुझाने के मिशन पर गया एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इस हादसे में हेलीकॉप्टर के पायलट और एक क्रू सदस्य की…
अमेरिका के सेंट्रल यूटा में जंगलों में लगी भीषण आग को बुझाने के मिशन पर गया एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इस हादसे में हेलीकॉप्टर के पायलट और एक क्रू सदस्य की मौत हो गई है। अधिकारियों ने शनिवार को स्थानीय समय के अनुसार इस दुखद खबर की पुष्टि की। शुरुआत में इन दोनों के लापता होने की सूचना मिली थी।
यह घटना यूटा राज्य में इस साल की सबसे भयंकर मानी जा रही 'वाइडमाउथ 2' नामक आग पर काबू पाने के अभियान के दौरान हुई। फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) के मुताबिक, सिकोर्स्की एस-64 मॉडल का यह विमान शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे रिचफील्ड के पास क्रैश हुआ था।
जांच और बचाव में बाधा
नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हेलीकॉप्टर अज्ञात कारणों से इलाके में गिर गया। स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि आग की लपटों और ऊबड़-खाबड़ पहाड़ी इलाके के कारण बचाव दलों को दुर्घटनास्थल तक पहुंचने में भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। अधिकारियों के मुताबिक, इस क्रैश की वजह से एक नई आग भी भड़क उठी, जिससे बचाव अभियान और भी जटिल हो गया।
गवर्नर ने जताया दुख
यूटा के गवर्नर स्पेंसर कॉक्स ने इस घटना पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह हादसा जंगल की आग बुझाने के काम में छिपे खतरों को उजागर करता है। उन्होंने एक बयान में कहा, "जंगल में आग बुझाना दुनिया के सबसे खतरनाक कामों में से एक है। आज का दिन इस बात की दर्दनाक याद दिलाता है कि ये बहादुर लोग हमारी रक्षा के लिए कितने बड़े जोखिम उठाते हैं।"
'वाइडमाउथ 2' आग का कहर
यूटा फायर इन्फो के अनुसार, यह आग 27 जुलाई को फिशलेक नेशनल फॉरेस्ट में बिजली गिरने से शुरू हुई थी। सूखे मौसम, तेज गर्मी और अनियमित हवाओं के कारण यह तेजी से फैल गई। इस आग ने अब तक 1,14,000 एकड़ (लगभग 461 वर्ग किलोमीटर) से अधिक क्षेत्र को जला दिया है और कम से कम छह इमारतें नष्ट हो चुकी हैं। अब तक आग के 24 प्रतिशत हिस्से पर ही काबू पाया जा सका है।
इनपुट: IANS



