अमेरिका-ईरान तनाव: ट्रंप बोले- तेहरान चाहता है समझौता, पर हमारी शर्तें मानने को तैयार नहीं
अमेरिका और ईरान के बीच 60 दिनों का युद्धविराम सोमवार को समाप्त हो गया, लेकिन दोनों देशों के बीच तनाव कम होने के कोई संकेत नहीं हैं। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने…
अमेरिका और ईरान के बीच 60 दिनों का युद्धविराम सोमवार को समाप्त हो गया, लेकिन दोनों देशों के बीच तनाव कम होने के कोई संकेत नहीं हैं। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान उनके देश के साथ एक समझौता तो करना चाहता है, लेकिन उन शर्तों पर तैयार नहीं है जिन्हें वॉशिंगटन जरूरी मानता है। व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकना अमेरिका का मुख्य लक्ष्य बना हुआ है।
ट्रंप ने कहा, "आप समझते हैं कि ईरान के पास परमाणु हथियार नहीं हो सकते और उनके पास परमाणु हथियार नहीं होंगे। यह बहुत आसान है। वे परमाणु युद्ध नहीं कर सकते।" हालांकि, उन्होंने दोनों देशों के बीच चल रही बातचीत की स्थिति पर कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी।
होर्मुज जलडमरूमध्य पर अमेरिकी नियंत्रण का दावा
राष्ट्रपति ट्रंप ने होर्मुज जलडमरूमध्य पर पूर्ण अमेरिकी नियंत्रण का दावा भी किया। उन्होंने कहा, "हम नाकेबंदी के जरिए इस जलडमरूमध्य (स्ट्रेट) को कंट्रोल करते हैं। मुझे इसे अपना इलाका घोषित करने का विचार पसंद है। अब स्ट्रेट पर हमारा पूरा कंट्रोल है।" इस क्षेत्र में ईरान के साथ मिलकर जलमार्ग खोलने की कथित योजना को लेकर उन्होंने ओमान को भी चेतावनी दी। ट्रंप ने कहा, "मुझे नहीं लगता कि उनका व्यवहार बहुत अच्छा रहा, लेकिन हम उनसे आसानी से निपट लेंगे, ठीक वैसे ही जैसे हम दूसरों से निपटते हैं।"
ईरान ने बातचीत के दावों को नकारा
दूसरी ओर, ईरान ने अमेरिका के साथ किसी भी तरह की बैकचैनल बातचीत से इनकार किया है। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के प्रवक्ता हुसैन मोहेब्बी ने ट्रंप के दावों को "भ्रम" करार दिया। अर्ध-सरकारी तस्नीम समाचार एजेंसी को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि IRGC अधिकारियों और अमेरिकियों के बीच कोई बातचीत नहीं हो रही है। उन्होंने यह भी कहा कि ईरान का राजनयिक तंत्र भी फिलहाल अमेरिका से बात नहीं कर रहा है, क्योंकि वॉशिंगटन ने अपने "वादे तोड़े" हैं।
इनपुट: IANS



