होर्मुज जलडमरूमध्य पर तनाव: ट्रंप ने ईरान को और कड़े प्रतिबंधों की चेतावनी दी, दक्षिण कोरिया से नाराज़गी जताई
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर जारी तनाव के बीच और भी कड़े प्रतिबंध लगाने की चेतावनी दी है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप ने व्हाइट…
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर जारी तनाव के बीच और भी कड़े प्रतिबंध लगाने की चेतावनी दी है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप ने व्हाइट हाउस में कहा कि अमेरिका के पास ईरान पर बहुत कड़े प्रतिबंध लगाने की क्षमता है।
तेहरान के खिलाफ संभावित नए कदमों के बारे में पूछे जाने पर राष्ट्रपति ने कहा, "हमारे पास ऐसे उपाय हैं, जिनसे हम प्रतिबंध लगा सकते हैं। हमारे पास बहुत कड़े प्रतिबंध लगाने की क्षमता है। देखते हैं आगे क्या होता है।" इसके साथ ही, ट्रंप ने इस रणनीतिक जलमार्ग के भविष्य के महत्व को कम आंकते हुए तर्क दिया कि अमेरिका में ऊर्जा उत्पादन बढ़ने और नए सप्लाई रूट बनने से दुनिया की इस पर निर्भरता कम हो गई है।
होर्मुज की सुरक्षा पर दक्षिण कोरिया से नाराज़
राष्ट्रपति ट्रंप ने होर्मुज जलडमरूमध्य में मदद के अमेरिकी आग्रह को ठुकराने पर दक्षिण कोरिया की आलोचना की। उन्होंने इस पर नाखुशी जताते हुए कहा कि जब अमेरिका ने ऊर्जा के लिए इस अहम रास्ते को सुरक्षित करने में मदद मांगी तो सियोल का जवाब संतोषजनक नहीं था। ट्रंप ने पत्रकारों से कहा, "मैं खुश नहीं था जब दक्षिण कोरिया ने कहा कि नहीं, वे होर्मुज स्ट्रेट में हमारी मदद करने में दिलचस्पी नहीं रखते, जबकि वे अपना 60 प्रतिशत तेल होर्मुज से ही प्राप्त करते हैं।"
उत्तर कोरिया से जुड़ा मामला
ट्रंप ने होर्मुज पर सियोल के रुख को कोरियाई प्रायद्वीप में होने वाले बड़े सैन्य अभ्यासों से जुड़ी अपनी चिंताओं से भी जोड़ा। उन्होंने कहा कि ऐसे अभ्यास करना तब उचित नहीं था जब वह उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग-उन के साथ कामकाजी संबंध बनाए रखने की कोशिश कर रहे थे। हालांकि, जब उनसे पूछा गया कि क्या परमाणु निरस्त्रीकरण अभी भी किम के साथ बातचीत का लक्ष्य है, तो ट्रंप ने सीधा जवाब देने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा, "मैं उस बारे में बात नहीं करना चाहता, लेकिन किम जोंग-उन के साथ मेरे अच्छे संबंध हैं।" राष्ट्रपति ने दावा किया कि उनके इस व्यक्तिगत तालमेल ने अमेरिका और उसके एशियाई सहयोगियों को अधिक सुरक्षित बनाया है।
इनपुट: IANS



