अफगानिस्तान ने पाकिस्तान को बताया 'एकमात्र खतरा', लगाए आतंकी संगठनों को पनाह देने के गंभीर आरोप
अफगानिस्तान ने अपने पड़ोसी देश पाकिस्तान पर अपनी सुरक्षा और क्षेत्रीय स्थिरता के लिए 'एकमात्र खतरा' होने का गंभीर आरोप लगाया है। रूस में अफगानिस्तान के राजदूत ने दावा किया कि पाकिस्तान न केवल ISIS…
अफगानिस्तान ने अपने पड़ोसी देश पाकिस्तान पर अपनी सुरक्षा और क्षेत्रीय स्थिरता के लिए 'एकमात्र खतरा' होने का गंभीर आरोप लगाया है। रूस में अफगानिस्तान के राजदूत ने दावा किया कि पाकिस्तान न केवल ISIS (दाएश) जैसे आतंकी संगठनों को पनाह दे रहा है, बल्कि उन्हें अफगानिस्तान में घुसपैठ कराने में भी सीधे तौर पर मदद कर रहा है।
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, रूस के मॉस्को में एक संयुक्त सुरक्षा सम्मेलन को संबोधित करते हुए अफगान राजदूत गुल हसन हसन ने ये टिप्पणियाँ कीं। उन्होंने कहा कि उनके आरोप निराधार नहीं हैं और इसकी पुष्टि पाकिस्तानी तथा अंतरराष्ट्रीय मीडिया में आई खबरों से भी होती है।
पाकिस्तान पर लगे गंभीर आरोप
राजदूत हसन ने इस्लामाबाद पर आतंकी संगठनों को अपने यहाँ सक्रिय रहने, नए सदस्य भर्ती करने और धन जुटाने के लिए अनुकूल माहौल देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “हमें स्पष्ट रूप से कहना होगा कि अब हमारे क्षेत्र की सुरक्षा और स्थिरता के लिए खतरा पाकिस्तान से पैदा हो रहा है। पाकिस्तान न केवल अफगान सरकार के सशस्त्र विरोधियों को शरण देता है, बल्कि उसने वहां मादक पदार्थों के कारोबार और दाएश की गतिविधियों के लिए भी अनुकूल माहौल तैयार किया है।”
घुसपैठ की कोशिशों का दावा
राजदूत ने सीमा पार से घुसपैठ की हालिया कोशिशों का विशेष रूप से उल्लेख किया। उन्होंने दावा किया कि 23 जुलाई को पाकिस्तान के चित्राल के रास्ते सैकड़ों सशस्त्र लड़ाकों को अफगानिस्तान के बदख्शां प्रांत में भेजने का प्रयास किया गया था। इसी तरह की एक और कोशिश 25 सितंबर को नूरिस्तान प्रांत के कमदेश जिले में हुई। हसन के मुताबिक, “इन प्रयासों के दौरान पाकिस्तानी सैन्य बलों ने न केवल संबंधित समूहों का सीधे नेतृत्व किया, बल्कि दोनों मौकों पर अफगानिस्तान के विभिन्न प्रांतों में हवाई बमबारी भी की।” उन्होंने यह भी जोड़ा कि घुसपैठ के रास्तों पर स्थित अफगान सीमा चौकियों पर तोपों और भारी हथियारों से हमला किया गया।
तालिबान ने भी की पाकिस्तान की आलोचना
इस बीच, तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने भी इसी सप्ताह पाकिस्तानी अधिकारियों पर बातचीत की प्रक्रिया को बाधित करने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि पाकिस्तान के वरिष्ठ अधिकारी समाधान खोजने के बजाय प्रचार पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं, जिसे उन्होंने इस्लामाबाद की 'नाकाम नीति' बताया। मुजाहिद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि अपनी विफलताओं के लिए अफगानिस्तान को जिम्मेदार ठहराने से पाकिस्तान की समस्याओं का समाधान नहीं होगा।
इनपुट: IANS



