तमिलनाडु: कावेरी में पानी नहीं, तंजावुर के किसान घड़ों से सींच रहे सांबा धान की फसल
तमिलनाडु के तंजावुर डेल्टा क्षेत्र में हज़ारों किसान अपनी सूखती सांबा धान की फसल को बचाने के लिए अभूतपूर्व संकट का सामना कर रहे हैं। कावेरी नदी से पानी की आपूर्ति ठप होने और मानसून की बेरुखी के चलते…
तमिलनाडु के तंजावुर डेल्टा क्षेत्र में हज़ारों किसान अपनी सूखती सांबा धान की फसल को बचाने के लिए अभूतपूर्व संकट का सामना कर रहे हैं। कावेरी नदी से पानी की आपूर्ति ठप होने और मानसून की बेरुखी के चलते वे घड़ों में पानी भरकर खेतों तक ले जाने को मजबूर हैं, ताकि किसी तरह अपनी मेहनत और लागत बचा सकें। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, खेतों में दरारें पड़ चुकी हैं और फसल के पूरी तरह बर्बाद होने का खतरा मंडरा रहा है।
यह संकट नल्लावन्नियन कुडिकाडु, शंकरदेवन कुडिकाडु और मलैयारनाथम जैसे कई गांवों में गहरा गया है। यहां किसान पास के तालाबों और गड्ढों से किसी तरह पानी इकट्ठा कर रहे हैं। सिंचाई नहरों के सूखे होने के कारण, खेतों तक पानी पहुँचाने का और कोई ज़रिया नहीं बचा है।
सिंचाई का बिगड़ा गणित
इस साल किसानों की परेशानी की शुरुआत सिंचाई सीजन में हुई देरी से हुई। मेट्टूर बांध में पानी का स्तर कम होने के कारण, जो आमतौर पर 12 जून को डेल्टा क्षेत्र के लिए खोल दिया जाता है, इस बार समय पर नहीं खोला जा सका। इसके चलते कई किसान पहले ही 'कुरुवई' (खरीफ) की फसल नहीं लगा पाए थे।
बाद में 1 सितंबर को बांध तो खोला गया, लेकिन पानी का बहाव इतना कम था कि वह नहरों के आखिरी छोर तक नहीं पहुँच सका। मौजूदा स्थिति यह है कि बांध से केवल 1,000 क्यूबिक फीट प्रति सेकंड पानी छोड़ा जा रहा है, जो सिर्फ पीने की ज़रूरतों के लिए ही पर्याप्त है। कावेरी, वेन्नार और ग्रैंड एनीकट नहर में कम प्रवाह ने किसानों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।
लागत डूबने का डर और राहत की मांग
उत्तर-पूर्वी मानसून की शुरुआती बारिश से कुछ उम्मीद जगी थी, लेकिन पिछले एक हफ्ते से बारिश न होने से स्थिति और बिगड़ गई है। तंजावुर जिले में 3.12 लाख एकड़ में सांबा और थलाडी फसलों की खेती का लक्ष्य था, लेकिन अब तक केवल 1.90 लाख एकड़ में ही बुवाई हो पाई है।
तमिलनाडु किसान संघ के डेल्टा जोन समन्वयक पी. जगथीसन ने बताया, “सांबा फसलें लगभग एक महीने पहले लगाई गई थीं और इन पर अब तक लगभग 30,000 रुपए का खर्च आ चुका है। नदियों से पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है और बारिश भी नहीं हुई है, इसलिए किसान अब पानी के बर्तनों (घड़ों) का सहारा लेने को मजबूर हैं।” उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द बारिश नहीं हुई तो फसलें सूख सकती हैं। जगथीसन ने सरकार से प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर किसानों को उचित राहत देने की अपील की है।
इनपुट: IANS



