शुक्रवार, 7 अगस्त 2026 · नई दिल्ली
दुनिया

थाईलैंड: स्कूल में 9वीं के छात्र ने की अंधाधुंध फायरिंग, 3 छात्रों और 3 शिक्षकों समेत 7 की मौत

थाईलैंड के नोंथबुरी शहर में शुक्रवार सुबह एक स्कूल गोलियों की आवाज़ से दहल गया, जब 9वीं कक्षा के एक छात्र ने कथित तौर पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस दर्दनाक घटना में हमलावर समेत कुल सात लोगों की…

थाईलैंड: स्कूल में 9वीं के छात्र ने की अंधाधुंध फायरिंग, 3 छात्रों और 3 शिक्षकों समेत 7 की मौत
(फोटो: IANS)

थाईलैंड के नोंथबुरी शहर में शुक्रवार सुबह एक स्कूल गोलियों की आवाज़ से दहल गया, जब 9वीं कक्षा के एक छात्र ने कथित तौर पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस दर्दनाक घटना में हमलावर समेत कुल सात लोगों की जान चली गई, जबकि 15 अन्य घायल हो गए। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, मृतकों में तीन छात्र और तीन शिक्षक शामिल हैं।

विज्ञापन

घटना नोंथबुरी के बांग क्रुआई जिले में स्थित देबसिरिन नोंथबुरी स्कूल में सुबह करीब 10 बजे (स्थानीय समय) हुई। बैंकॉक पोस्ट के अनुसार, बैंगनी रंग की फिजिकल-एजुकेशन यूनिफॉर्म पहने हमलावर ने स्कूल की 'पिंक बिल्डिंग' की तीसरी मंजिल पर खुद को बंद कर लिया था। उसके पास 9एमएम की हैंडगन थी और उसने दर्जनों राउंड गोलियां चलाईं। बाद में पुलिस को संदिग्ध शूटर मृत मिला, जिसकी मौत संभवतः खुद को लगी चोट के कारण हुई।

पुलिस की कार्रवाई और जांच

गोलीबारी की सूचना मिलते ही अधिकारी और पोह टेक तुंग फाउंडेशन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत स्कूल परिसर से छात्रों और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकालने का काम शुरू किया। सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अधिकारियों ने लोगों से घटना की लाइवस्ट्रीमिंग न करने और जांच अभियान में बाधा डालने से बचने के लिए घटनास्थल से दूर रहने की अपील की है। फॉरेंसिक पुलिस की टीम मौके पर सबूत जुटा रही है और जांचकर्ता गोलीबारी के पीछे के मकसद का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं।

थाईलैंड में हालिया हिंसा

न्यूज एजेंसी सिन्हुआ के हवाले से बताया गया है कि इससे पहले 22 जुलाई को भी थाईलैंड के नाराथिवात प्रांत में हिंसा की एक घटना हुई थी। वहां एक चेकपॉइंट पर अज्ञात हमलावरों ने गोलीबारी कर बम फेंके थे, जिसमें पांच सैनिकों की मौत हो गई थी और छह आम नागरिक घायल हुए थे।

इनपुट: IANS

N

News4Social इंटरनेशनल डेस्क

News4Social इंटरनेशनल डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →