AI और सेमीकंडक्टर पर दक्षिण कोरिया का बड़ा कदम, अमेरिका में 950 अरब डॉलर के सौदों पर सहमति
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की दुनिया में अपनी धाक जमाने के लिए दक्षिण कोरिया ने एक बड़ी पहल की है। राष्ट्रपति ली जे-म्युंग के हालिया अमेरिका दौरे के दौरान, दक्षिण कोरियाई कंपनियों और ओपनएआई (OpenAI)…
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की दुनिया में अपनी धाक जमाने के लिए दक्षिण कोरिया ने एक बड़ी पहल की है। राष्ट्रपति ली जे-म्युंग के हालिया अमेरिका दौरे के दौरान, दक्षिण कोरियाई कंपनियों और ओपनएआई (OpenAI) व एनवीडिया (Nvidia) जैसी दिग्गज टेक कंपनियों के बीच 950 अरब डॉलर की विशाल सहयोग परियोजनाओं पर सहमति बनी है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, यह कदम दक्षिण कोरिया को वैश्विक AI और सेमीकंडक्टर बाजार में एक प्रमुख खिलाड़ी के रूप में स्थापित करने की रणनीति का हिस्सा है।
सैन फ्रांसिस्को में अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान, राष्ट्रपति ली ने ओपनएआई के सीईओ सैम ऑल्टमैन और एनवीडिया के सीईओ जेनसन हुआंग सहित चार प्रमुख तकनीकी कंपनियों के प्रमुखों से मुलाकात की। इन बैठकों का मुख्य उद्देश्य दक्षिण कोरियाई फर्मों और वैश्विक प्रौद्योगिकी जगत के बीच साझेदारी को गहरा करना था।
सहयोग की बड़ी परियोजनाएं
इन समझौतों में सबसे महत्वपूर्ण एसके ग्रुप (SK Group) और एनवीडिया के बीच हुआ 750 अरब डॉलर का सौदा है। इस समझौते के तहत, एसके ग्रुप लंबे समय तक उच्च-प्रदर्शन वाले सेमीकंडक्टर की आपूर्ति करेगा। राष्ट्रपति ली की मौजूदगी में हुई इस उच्च-स्तरीय बैठक में दक्षिण कोरिया के प्रमुख उद्योग समूहों और वैश्विक टेक कंपनियों ने इन संयुक्त परियोजनाओं पर काम करने की प्रतिबद्धता जताई।
तकनीकी गठबंधन पर ज़ोर
शनिवार को सिलिकॉन वैली के वेंचर कैपिटल निवेशकों के साथ एक बैठक में राष्ट्रपति ली ने कहा कि दक्षिण कोरिया और अमेरिका को अपने दशकों पुराने सुरक्षा गठबंधन को अब तकनीक, नवाचार और स्टार्टअप जैसे क्षेत्रों तक विस्तारित करना चाहिए। उन्होंने कहा, "अमेरिका की विश्वस्तरीय वेंचर कैपिटल क्षमता और वैश्विक नेटवर्क यदि दक्षिण कोरिया की उन्नत तकनीक और मजबूत विनिर्माण क्षमता के साथ मिल जाएं, तो इससे सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स और एसके हाइनिक्स जैसी नई वैश्विक कंपनियां उभर सकती हैं, जो भविष्य में दुनिया का नेतृत्व करेंगी।"
अगला पड़ाव: दक्षिण अमेरिका
सैन फ्रांसिस्को का दौरा पूरा करने के बाद राष्ट्रपति ली दक्षिण अमेरिका के तीन देशों की यात्रा के लिए ब्राजील रवाना हो गए। रविवार से शुरू हो रही अपनी चार दिवसीय ब्राजील यात्रा के दौरान वह राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा से मिलेंगे और साओ पाउलो में एक कारोबारी गोलमेज बैठक में भी भाग लेंगे। ब्राजील के बाद, वह 1 अगस्त तक चिली और अर्जेंटीना का दौरा करेंगे, जिसका मुख्य उद्देश्य महत्वपूर्ण खनिजों और वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला में सहयोग बढ़ाना है।
इनपुट: IANS



