बर्ड फ्लू से पोल्ट्री उद्योग को मिलेगी बड़ी राहत, भारत की पहली स्वदेशी वैक्सीन 20 नवंबर को होगी लॉन्च
भारत के पोल्ट्री उद्योग को बर्ड फ्लू (एवियन इन्फ्लूएंजा) से होने वाले भारी आर्थिक नुकसान से बचाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान 20 नवंबर को मुर्गियों के…
भारत के पोल्ट्री उद्योग को बर्ड फ्लू (एवियन इन्फ्लूएंजा) से होने वाले भारी आर्थिक नुकसान से बचाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान 20 नवंबर को मुर्गियों के लिए देश की पहली स्वदेशी वैक्सीन लॉन्च करने जा रहे हैं। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, यह टीका देश में फैल रहे बर्ड फ्लू के एक खास स्ट्रेन 'क्लेड 2.3.2.1ए एच5एन1' के खिलाफ सुरक्षा प्रदान करेगा।
भोपाल स्थित आईसीएआर-एनआईएचएसएडी (ICAR-NIHSAD) द्वारा विकसित यह 'इनएक्टिवेटेड एच5एव1' वैक्सीन इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि वर्तमान में इस विशेष वायरस स्ट्रेन के लिए कोई भी कमर्शियल टीका उपलब्ध नहीं था। इस स्वदेशी टीके का विकास भारत के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
बर्ड फ्लू का खतरा और आर्थिक असर
बर्ड फ्लू, जिसे वैज्ञानिक भाषा में हाईली पैथोजेनिक एवियन इन्फ्लूएंजा (HPAI) कहते हैं, पोल्ट्री पक्षियों के लिए एक बेहद घातक बीमारी है। इसके संक्रमण से पक्षियों की मृत्यु दर लगभग 100 प्रतिशत तक हो सकती है। इस वजह से न केवल बड़े पैमाने पर पक्षियों को मारना पड़ता है, बल्कि व्यापार पर भी प्रतिबंध लग जाते हैं, जिससे मुर्गी पालकों को भारी वित्तीय संकट का सामना करना पड़ता है।
कृषि मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, 2006 में भारत में पहली बार इस बीमारी का पता चलने के बाद से देश में एच5एन1 और एच5एन8 सबटाइप के 500 से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं। एक अनुमान के अनुसार, बर्ड फ्लू का एक बड़ा प्रकोप भारत की जीडीपी वृद्धि को 1.5 प्रतिशत तक कम कर सकता है और देश की 20 प्रतिशत से अधिक पोल्ट्री आबादी को खतरे में डाल सकता है। साल 2006 में हुए प्रकोप से करीब 2,200–3,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था।
इंसानों के लिए भी जोखिम
बर्ड फ्लू का खतरा सिर्फ पोल्ट्री उद्योग तक ही सीमित नहीं है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार, 2003 से लेकर अब तक भारत समेत 25 देशों में एच5एन1 एवियन इन्फ्लूएंजा के 1,003 मानवीय मामले सामने आए हैं, जिनमें 479 लोगों की मौत हो चुकी है। अध्ययन बताते हैं कि मुर्गियों में बर्ड फ्लू के अधिकांश मामलों के लिए 'क्लेड 2.3.2.1ए' नामक एच5एन1 स्ट्रेन ही जिम्मेदार है।
इस नए टीके से न केवल मुर्गी पालकों के आर्थिक नुकसान को कम करने में मदद मिलेगी, बल्कि मुर्गियों से अन्य जानवरों और इंसानों में वायरस के प्रसार को रोकने में भी यह एक अहम कड़ी साबित होगा।
इनपुट: IANS



