पुंछ में भूस्खलन: जम्मू-कश्मीर से सांसद मियां अल्ताफ अहमद का काफिला चपेट में आया, सभी सुरक्षित
जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले से लौटते समय अनंतनाग-राजौरी लोकसभा सीट से सांसद मियां अल्ताफ अहमद का काफिला बुधवार को एक भूस्खलन की चपेट में आ गया। हालांकि, इस घटना में सांसद और उनके साथ मौजूद सभी लोग पूरी…
जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले से लौटते समय अनंतनाग-राजौरी लोकसभा सीट से सांसद मियां अल्ताफ अहमद का काफिला बुधवार को एक भूस्खलन की चपेट में आ गया। हालांकि, इस घटना में सांसद और उनके साथ मौजूद सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, यह हादसा जम्मू-पुंछ नेशनल हाईवे पर उस वक्त हुआ, जब भूस्खलन का मलबा उनके काफिले में शामिल एक गाड़ी से टकरा गया।
सांसद मियां अल्ताफ अहमद पिछले कुछ दिनों से राजौरी में रहकर बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित लोगों की समस्याओं का जायजा ले रहे थे। बुधवार को वह पुंछ जिले के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर लौट रहे थे, तभी भारी बारिश के कारण यह भूस्खलन हुआ।
घटना के बाद सांसद ने क्या कहा?
इस घटना के बाद मियां अल्ताफ ने खुद को सुरक्षित बताया। IANS से बातचीत में उन्होंने कहा, “मैं ठीक था और लैंडस्लाइड पार कर चुका था, तभी मेरे काफिले की एक गाड़ी मलबे की चपेट में आ गई।” उन्होंने यह भी पुष्टि की कि उस गाड़ी में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं। बाद में उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर भी जानकारी साझा की और बताया कि सड़क बंद होने के बावजूद वह सुरक्षित राजौरी पहुंचने में कामयाब रहे।
प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों का जायजा
यह घटना उस समय हुई जब सांसद क्षेत्र में आपदा से हुए नुकसान का आकलन करने के दौरे पर थे। इससे पहले उन्होंने पुंछ के कई बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की थी। उन्होंने जमीनी हालात का जायजा लेते हुए प्रशासन से राहत, बचाव और पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने की अपील की थी। रिपोर्टों के अनुसार, भूस्खलन में काफिले की एक गाड़ी चट्टानों से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई। अधिकारियों ने खराब मौसम के दौरान लोगों से भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में यात्रा से बचने की सलाह दी है, क्योंकि भारी बारिश के कारण जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे समेत कई सड़कें बाधित हुई हैं।
इनपुट: IANS



