तमिलनाडु: बंगाल की खाड़ी में बन रहा निम्न दबाव का क्षेत्र, चार दक्षिणी जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
तमिलनाडु के दक्षिणी हिस्से में बुधवार को भारी बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि बंगाल की खाड़ी में एक नया निम्न दबाव का क्षेत्र बनने का पूर्वानुमान है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, चेन्नई स्थि…
तमिलनाडु के दक्षिणी हिस्से में बुधवार को भारी बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि बंगाल की खाड़ी में एक नया निम्न दबाव का क्षेत्र बनने का पूर्वानुमान है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, चेन्नई स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया है कि यह मौसमी प्रणाली 13 नवंबर तक विकसित हो सकती है।
मौसम विभाग के बुलेटिन में कहा गया है कि यह निम्न दबाव का क्षेत्र बनने के बाद उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ सकता है और अगले 24 घंटों में और तीव्र होकर एक डिप्रेशन का रूप ले सकता है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि इसका तट पर कहाँ और क्या प्रभाव पड़ेगा या यह किस तटीय जिले से टकराएगा।
किन जिलों में होगी भारी और मध्यम बारिश?
मौसम केंद्र ने बुधवार के लिए दक्षिणी तमिलनाडु के चार जिलों— शिवगंगा, रामनाथपुरम, तूतीकोरिन और तिरुनेलवेली में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा, राज्य के कई अन्य हिस्सों में मध्यम बारिश का अनुमान है।
मध्यम बारिश की संभावना वाले जिलों में कावेरी डेल्टा क्षेत्र के तंजावुर, तिरुवरूर, मयिलादुथुराई और नागपट्टिनम शामिल हैं। साथ ही, पुडुक्कोट्टई, डिंडीगुल, मदुरै, विरुधुनगर, तेनकासी और कन्याकुमारी में भी दिन के दौरान मध्यम बारिश हो सकती है।
चेन्नई और आसपास का मौसम
राजधानी चेन्नई के लिए मौसम का पूर्वानुमान दक्षिणी जिलों की तुलना में हल्का है। मौसम केंद्र के मुताबिक, चेन्नई में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और शहर के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना है। फिलहाल, मौसम प्रणाली के चक्रवात बनने की कोई घोषणा नहीं की गई है, केवल इसके बनने और मजबूत होने की संभावना जताई गई है।
इनपुट: IANS



