शनिवार, 18 जुलाई 2026 · नई दिल्ली
इकोनॉमी

रिलायंस इंडस्ट्रीज का राजस्व 25% बढ़कर ₹3.11 लाख करोड़, लेकिन मुनाफा क्यों घटा?

मुकेश अंबानी के नेतृत्व वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) ने चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में शानदार राजस्व वृद्धि दर्ज की है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी का…

रिलायंस इंडस्ट्रीज का राजस्व 25% बढ़कर ₹3.11 लाख करोड़, लेकिन मुनाफा क्यों घटा?
(फोटो: IANS)

मुकेश अंबानी के नेतृत्व वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) ने चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में शानदार राजस्व वृद्धि दर्ज की है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी का कंसोलिडेटेड रेवेन्यू सालाना आधार पर 25 प्रतिशत बढ़कर 3.11 लाख करोड़ रुपए तक पहुंच गया। इस दमदार बढ़ोतरी के पीछे कंपनी के ऑयल-टू-केमिकल्स (O2C), रिटेल और डिजिटल सर्विसेज कारोबार का मजबूत प्रदर्शन रहा।

विज्ञापन

हालांकि, राजस्व में उछाल के बावजूद कंपनी के मुनाफे में गिरावट आई है। इस तिमाही में RIL का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 22 प्रतिशत घटकर 20,946 करोड़ रुपए रहा। कंपनी के मुताबिक, इस गिरावट की मुख्य वजह पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में हुआ एकमुश्त वित्तीय लाभ है, जो इस बार नहीं था। दरअसल, वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही में एशियन पेंट्स में अपनी हिस्सेदारी बेचने से कंपनी का शुद्ध लाभ बढ़कर 26,994 करोड़ रुपए हो गया था।

प्रमुख कारोबारों का प्रदर्शन कैसा रहा?

तिमाही के दौरान कंपनी का EBITDA (ब्याज, टैक्स, डेप्रिसिएशन और अमॉर्टाइजेशन से पहले की कमाई) सालाना 10% बढ़कर 54,067 करोड़ रुपए हो गया। कंपनी ने बताया कि बाजार के अनुमान से बेहतर प्रदर्शन करने में ऑयल-टू-केमिकल्स (O2C), रिलायंस रिटेल और जियो प्लेटफॉर्म्स की दोहरे अंकों की वृद्धि ने अहम भूमिका निभाई।

कंपनी के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने परिणामों पर कहा, "रिलायंस ने वित्त वर्ष 2026-27 की मजबूत शुरुआत की है। हमारे सभी कारोबारों ने शानदार परिचालन प्रदर्शन किया है। लगातार भू-राजनीतिक तनाव और कमोडिटी बाजारों में उतार-चढ़ाव के बावजूद हमारे विविध कारोबारी पोर्टफोलियो ने एक बार फिर अपनी मजबूती साबित की है।"

डिजिटल, रिटेल और O2C में मजबूत ग्रोथ

मुकेश अंबानी ने बताया कि डिजिटल सर्विसेज कारोबार ने मजबूत विकास गति बनाए रखी, जिसमें जियो की आय सालाना 15% बढ़ी। उन्होंने यह भी बताया कि जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड ने संभावित आईपीओ की दिशा में कदम बढ़ाते हुए सेबी के पास अपना ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) दाखिल कर दिया है।

रिलायंस रिटेल ने भी सभी उपभोक्ता श्रेणियों में मजबूत वृद्धि दर्ज की। अंबानी के अनुसार, कंपनी का एफएमसीजी कारोबार भी तेजी से बढ़ रहा है और रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड (RCPL) का राजस्व पिछले वर्ष की तुलना में दोगुने से अधिक हो गया है। O2C कारोबार पर उन्होंने कहा, "ओ2सी कारोबार ने इस तिमाही में मजबूत प्रदर्शन किया। इसे मिडिल डिस्टिलेट्स में रिकॉर्ड स्तर के मार्जिन और डाउनस्ट्रीम पेट्रोकेमिकल्स में बेहतर प्रदर्शन का समर्थन मिला।"

इनपुट: IANS

N

News4Social बिज़नेस डेस्क

News4Social बिज़नेस डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से कारोबार और अर्थव्यवस्था से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →