मुनाफ़े से घाटे में आई रियल एस्टेट कंपनी सिग्नेचर ग्लोबल, पहली तिमाही में ₹16.5 करोड़ का नेट लॉस
दिल्ली-एनसीआर के प्रमुख रियल एस्टेट डेवलपर सिग्नेचर ग्लोबल इंडिया ने चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) के नतीजे जारी कर दिए हैं। कंपनी इस तिमाही में मुनाफ़े से फिसलकर घाटे में आ गई…
दिल्ली-एनसीआर के प्रमुख रियल एस्टेट डेवलपर सिग्नेचर ग्लोबल इंडिया ने चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) के नतीजे जारी कर दिए हैं। कंपनी इस तिमाही में मुनाफ़े से फिसलकर घाटे में आ गई है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी को इस अवधि में 16.5 करोड़ रुपए का समेकित शुद्ध घाटा (Consolidated Net Loss) हुआ है।
यह प्रदर्शन पिछले साल की समान अवधि के बिल्कुल उलट है। बीते वित्त वर्ष की इसी तिमाही में सिग्नेचर ग्लोबल ने 34.4 करोड़ रुपए का शुद्ध लाभ कमाया था। सिर्फ़ मुनाफ़ा ही नहीं, कंपनी की आमदनी में भी बड़ी गिरावट देखने को मिली है।
आय और परिचालन पर असर
स्टॉक एक्सचेंज को दी गई जानकारी के मुताबिक, जून में समाप्त हुई तिमाही के दौरान कंपनी की परिचालन आय (Revenue from Operations) घटकर 552 करोड़ रुपए रह गई। यह आंकड़ा एक साल पहले इसी अवधि में 865.6 करोड़ रुपए था।
कंपनी के परिचालन प्रदर्शन पर भी दबाव दिखा। जून तिमाही में कंपनी का EBITDA (ब्याज, टैक्स, डेप्रिसिएशन और अमॉर्टाइजेशन से पहले की कमाई) 44.7 करोड़ रुपए के घाटे में रहा, जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में यह 33 करोड़ रुपए के लाभ में था।
शेयर बाजार में प्रदर्शन
तिमाही नतीजों का असर कंपनी के शेयरों पर भी दिखा। गुरुवार को बाजार बंद होने पर सिग्नेचर ग्लोबल का शेयर 0.33% यानी 2.70 रुपए की गिरावट के साथ 811 रुपए पर बंद हुआ। हालांकि, लंबी अवधि में शेयर का प्रदर्शन मिला-जुला रहा है। पिछले एक महीने में इसमें 2.82% की बढ़त देखी गई है, लेकिन पिछले 6 महीनों में यह 8.88% नीचे आया है। वहीं, साल 2026 की शुरुआत से अब तक शेयर करीब 28.15% टूट चुका है।
कंपनी का क्या कहना है?
नतीजों पर टिप्पणी करते हुए कंपनी के चेयरमैन प्रदीप कुमार अग्रवाल ने कहा कि तिमाही प्रदर्शन कंपनी के मजबूत बिजनेस मॉडल को दर्शाता है। उन्होंने कहा, "राजस्व की मान्यता परियोजनाओं की समयसीमा से प्रभावित हुई, लेकिन कंपनी की बुनियादी स्थिति मजबूत बनी हुई है।"
अग्रवाल ने आगे कहा, "बेहतर उत्पाद मिश्रण, मजबूत मांग और ऊंची बिक्री दरों के कारण प्री-सेल्स में अच्छा प्रदर्शन देखने को मिला है, जो ग्राहकों के सिग्नेचर ग्लोबल ब्रांड पर बढ़ते भरोसे को दर्शाता है।" उन्होंने यह भी बताया कि कंपनी ने टोनिनो लेम्बोर्गिनी के साथ साझेदारी करके ब्रांडेड रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट्स में भी कदम रखा है, जिसे ग्राहकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली है।
इनपुट: IANS



