Qantas की बड़ी पुनर्संरचना: 850 नौकरियां जाएंगी, कई काम भारत में होंगे आउटसोर्स
ऑस्ट्रेलिया की प्रमुख एयरलाइन क्वांटास (Qantas) ने अपने कामकाज में बड़े बदलाव की घोषणा की है, जिसके तहत करीब 850 कर्मचारियों की छंटनी की जाएगी। एयरलाइन अपने कई बैक-ऑफिस कार्यों को आउटसोर्स करने की…
ऑस्ट्रेलिया की प्रमुख एयरलाइन क्वांटास (Qantas) ने अपने कामकाज में बड़े बदलाव की घोषणा की है, जिसके तहत करीब 850 कर्मचारियों की छंटनी की जाएगी। एयरलाइन अपने कई बैक-ऑफिस कार्यों को आउटसोर्स करने की तैयारी कर रही है और इनमें से ज़्यादातर नौकरियां भारत में स्थानांतरित होने की उम्मीद है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, यह कदम कंपनी के पुराने पड़ चुके टेक्नोलॉजी सिस्टम को आधुनिक बनाने और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के इस्तेमाल को बढ़ावा देने की व्यापक योजना का हिस्सा है।
क्वांटास ने इस बड़े बदलाव के लिए कंसल्टिंग फर्म एक्सेंचर (Accenture) के साथ एक बहु-वर्षीय समझौता किया है। इस साझेदारी का उद्देश्य एयरलाइन के बैक-एंड सिस्टम, कारोबारी प्रक्रियाओं और डेटा इंफ्रास्ट्रक्चर को नया रूप देना है। यह पुनर्गठन साल 2027 के मध्य से शुरू होगा और इसका असर कंपनी के वित्त, खरीद (प्रोक्योरमेंट), मानव संसाधन (HR) और मार्केटिंग जैसे विभागों पर पड़ेगा।
क्यों पड़ी इस बदलाव की ज़रूरत?
कर्मचारियों को भेजे एक संदेश में, क्वांटास की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) वैनेसा हडसन ने बताया कि एयरलाइन हर साल टेक्नोलॉजी पर 1 अरब ऑस्ट्रेलियाई डॉलर से ज़्यादा खर्च करती है, लेकिन इसके बावजूद वह दशकों पुराने 1,000 से अधिक एप्लीकेशन्स पर निर्भर है। हडसन ने कहा, "ये सिस्टम एक साथ काम करने के लिए नहीं बनाए गए थे, और अब इनका रखरखाव करना बहुत जटिल हो गया है।"
उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि तकनीकी बदलाव और AI को अपनाने की रफ्तार अभूतपूर्व है और प्रतिस्पर्धी बने रहने के लिए क्वांटास को भी इसके साथ कदम मिलाना होगा। एक्सेंचर को सौंपे जाने वाले कामों में धीरे-धीरे ऑटोमेशन और AI को शामिल किया जाएगा, ताकि दोहराव वाले काम कम हों और कॉर्पोरेट कामकाज की क्षमता बेहतर हो सके।
कर्मचारियों का क्या होगा?
माना जा रहा है कि प्रभावित होने वाले ज़्यादातर पदों का काम भारत में मौजूद एक्सेंचर की टीमों को दे दिया जाएगा, जबकि कुछ काम ऑस्ट्रेलिया में ही रहेंगे। हालांकि, कंपनी का कहना है कि इन बदलावों को लागू करने से पहले वह अपने कर्मचारियों और यूनियनों से बातचीत करेगी। क्वांटास ने यह भी आश्वासन दिया है कि वह प्रभावित कर्मचारियों को कंपनी में ही कहीं और काम पर रखने की कोशिश करेगी।
कर्मचारियों को भेजे एक आंतरिक ईमेल में सीईओ वैनेसा हडसन ने कहा, "कुछ लोगों के लिए यह एक मुश्किल खबर है, और इससे पैदा हुई अनिश्चितता के लिए मुझे खेद है।"
यह घोषणा ऐसे समय में हुई है जब एयरोस्पेस उद्योग में कई कंपनियां अपनी कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए पुनर्गठन कर रही हैं। उदाहरण के लिए, बोइंग ने भी हाल ही में कहा था कि वह अपने कर्मचारियों की संख्या में लगभग 5 प्रतिशत की कटौती करेगा ताकि उत्पादन को स्थिर किया जा सके।
इनपुट: IANS



