तीन यूरोपीय देशों के साथ संबंध मजबूत कर स्वदेश लौटीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु
भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु अपनी तीन देशों की महत्वपूर्ण यूरोपीय यात्रा पूरी कर रविवार को नई दिल्ली लौट आईं। इस राजकीय यात्रा का मुख्य उद्देश्य मोल्दोवा, उत्तरी मैसेडोनिया और रोमानिया के सा…
भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु अपनी तीन देशों की महत्वपूर्ण यूरोपीय यात्रा पूरी कर रविवार को नई दिल्ली लौट आईं। इस राजकीय यात्रा का मुख्य उद्देश्य मोल्दोवा, उत्तरी मैसेडोनिया और रोमानिया के साथ भारत के द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूती देना था। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, राष्ट्रपति के आधिकारिक एक्स हैंडल पर उनकी वापसी की पुष्टि करते हुए लिखा गया, “राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु मोल्दोवा, नॉर्थ मेसेडोनिया और रोमानिया का अपना सरकारी दौरा पूरा करने के बाद दिल्ली पहुंचीं।”
यह दौरा कई मायनों में ऐतिहासिक रहा। राष्ट्रपति मुर्मु मोल्दोवा की यात्रा करने वाली पहली भारतीय राष्ट्रपति बनीं। अपनी यात्रा के अंतिम चरण में उन्होंने रोमानिया का दौरा किया, जो लगभग तीन दशकों में किसी भारतीय राष्ट्रपति की पहली राजकीय यात्रा थी। उनके साथ इस दौरे पर उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण राज्य मंत्री नीमूबेन जयंतीभाई बांभणिया और सांसद डॉ. दिनेश शर्मा व विजय बघेल भी शामिल थे।
रोमानिया में अहम समझौते
अपनी यात्रा के आखिरी पड़ाव में राष्ट्रपति मुर्मु रोमानिया पहुँचीं, जहाँ बुखारेस्ट के कोट्रोसेनी पैलेस में राष्ट्रपति निकुसोर डैन ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। राष्ट्रपति सचिवालय के अनुसार, दोनों नेताओं के बीच भारत-रोमानिया साझेदारी के विभिन्न पहलुओं, क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विस्तृत बातचीत हुई। इस दौरान विज्ञान-प्रौद्योगिकी, खेल और अकादमिक क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए तीन महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए, जिसमें बुखारेस्ट विश्वविद्यालय में 'इंडियन स्टडीज' की एक चेयर स्थापित करना भी शामिल है।
उत्तरी मैसेडोनिया और मोल्दोवा में कूटनीतिक संवाद
रोमानिया से पहले, राष्ट्रपति मुर्मु ने उत्तरी मैसेडोनिया का दौरा किया, जो उनकी यात्रा का दूसरा पड़ाव था। राजधानी स्कोप्जे में उन्होंने राष्ट्रपति गोर्दाना सिलजानोव्स्का-दावकोवा और प्रधानमंत्री ह्रिस्टिजान मिकोस्की से मुलाकात की। इन वार्ताओं का केंद्र दोनों देशों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को गहरा करना था।
राष्ट्रपति ने अपनी यात्रा की शुरुआत मोल्दोवा से की थी। राजधानी चिसीनाउ में उन्होंने मोल्दोवा की संसद का दौरा किया और स्पीकर इगोर ग्रोसु समेत पार्लियामेंट्री फ्रेंडशिप ग्रुप के सदस्यों से मुलाकात की। राष्ट्रपति मुर्मु ने विश्वास जताया कि दोनों देशों के नेता मिलकर एक मजबूत और पारस्परिक रूप से लाभकारी साझेदारी का निर्माण करेंगे।
इनपुट: IANS



