गुरूवार, 6 अगस्त 2026 · नई दिल्ली
इकोनॉमी

फोनपे ने पेश की नई सुविधा, अब ऐप से ही कर सकेंगे फिक्स्ड डिपॉजिट में निवेश

डिजिटल पेमेंट प्लेटफॉर्म फोनपे (PhonePe) ने अपनी सेवाओं का विस्तार करते हुए फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) और डेली रिकरिंग डिपॉजिट (Daily RD) की सुविधा शुरू की है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस…

फोनपे ने पेश की नई सुविधा, अब ऐप से ही कर सकेंगे फिक्स्ड डिपॉजिट में निवेश
(फोटो: IANS)

डिजिटल पेमेंट प्लेटफॉर्म फोनपे (PhonePe) ने अपनी सेवाओं का विस्तार करते हुए फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) और डेली रिकरिंग डिपॉजिट (Daily RD) की सुविधा शुरू की है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस नई पेशकश के बाद यूजर्स सीधे ऐप के माध्यम से विभिन्न बैंकों और गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों (NBFC) द्वारा दी जाने वाली FD की तुलना करके उनमें निवेश कर सकेंगे। पूरी प्रक्रिया डिजिटल होगी, जिससे ग्राहकों को कागजी कार्रवाई से छुटकारा मिलेगा।

विज्ञापन

कंपनी के अनुसार, इस सुविधा के तहत बुक की गई सभी FD भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के दिशानिर्देशों के अनुरूप होंगी। इन पर डिपॉजिट इंश्योरेंस एंड क्रेडिट गारंटी कॉरपोरेशन (DICGC) के तहत 5 लाख रुपये तक का बीमा कवर भी उपलब्ध होगा। यह सुविधा ग्राहकों को एक ही जगह से अलग-अलग बैंकों की FD को मैनेज करने में मदद करेगी।

छोटे निवेशकों के लिए डेली RD

FD के अलावा, फोनपे ने शिवालिक स्मॉल फाइनेंस बैंक के साथ मिलकर एक खास माइक्रो-सेविंग्स उत्पाद 'डेली आरडी' (Daily RD) भी लॉन्च किया है। इसे विशेष रूप से युवाओं, छोटे निवेशकों और उन लोगों के लिए डिजाइन किया गया है जो बैंकिंग सेवाओं से कम जुड़े हैं। इस योजना में ग्राहक UPI ऑटोपे के जरिए सिर्फ 100 रुपये प्रतिदिन से लेकर 1,000 रुपये तक की बचत कर सकते हैं। कंपनी ने बताया कि अगर कोई निवेशक लगातार 15 दिन तक निवेश नहीं करता है, तो उस पर कोई जुर्माना नहीं लगेगा और वह किसी भी समय ऑटोपे मैंडेट को बंद कर सकता है। साथ ही, जरूरत पड़ने पर 7 दिन बाद ही राशि निकालने की सुविधा भी मिलेगी।

निवेश का आसान तरीका

फोनपे ऐप पर निवेश करने के लिए, ग्राहक होम स्क्रीन पर 'म्यूचल फंड्स एंड डिपॉजिट' सेक्शन में जाकर FD या डेली RD का विकल्प चुन सकते हैं। इसके बाद, वे अपनी पसंद के पार्टनर बैंक या NBFC का चयन करके 7 दिन से 10 साल तक की अवधि के लिए FD बुक कर सकते हैं। निवेश प्रक्रिया पैन और आधार के जरिए डिजिटल वेरिफिकेशन, नॉमिनी जोड़ने और फोनपे UPI या नेट बैंकिंग से भुगतान के साथ पूरी होगी।

फोनपे में पेमेंट्स के वाइस प्रेसिडेंट और हेड, दीप अग्रवाल ने कहा, "कंपनी का उद्देश्य हर भारतीय के लिए वित्तीय सेवाओं तक आसान पहुंच सुनिश्चित करना है। उनके मुताबिक, एफडी डिस्ट्रीब्यूशन और डेली आरडी की शुरुआत इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि फिक्स्ड डिपॉजिट भारतीय परिवारों की बचत का भरोसेमंद माध्यम रहा है और अब इसे पूरी तरह डिजिटल बनाकर देश के अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।"

इनपुट: IANS

N

News4Social बिज़नेस डेस्क

News4Social बिज़नेस डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से कारोबार और अर्थव्यवस्था से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →