श्रीलंका: दक्षिणी तट पर नौसेना का बड़ा ऑपरेशन, 560 किलो से ज्यादा हेरोइन और मेथ जब्त
श्रीलंका में नशीले पदार्थों के खिलाफ चल रहे अभियान में सुरक्षाबलों को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, श्रीलंकाई नौसेना और तटरक्षक बल ने एक संयुक्त अभियान में देश के दक्षिणी…
श्रीलंका में नशीले पदार्थों के खिलाफ चल रहे अभियान में सुरक्षाबलों को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, श्रीलंकाई नौसेना और तटरक्षक बल ने एक संयुक्त अभियान में देश के दक्षिणी तट से 561 किलोग्राम से अधिक नशीले पदार्थ जब्त किए हैं। जब्त किए गए ड्रग्स में मेथामफेटामाइन और हेरोइन शामिल हैं।
यह कार्रवाई शनिवार को मटारा के थालाला स्थित नाओटुन्ना समुद्र तट पर की गई। तटरक्षक बल को मिली एक खुफिया जानकारी के आधार पर इस ऑपरेशन को अंजाम दिया गया। तलाशी के दौरान टीमों को 21 बोरों और ट्रैवल बैग में छिपाकर रखे गए ये नशीले पदार्थ मिले। इसके साथ ही एक छोटी नाव (डिंगी) भी बरामद की गई है, जिसके बारे में आशंका है कि इसका इस्तेमाल तस्करी के लिए किया गया था।
जब्त नशीले पदार्थों का ब्योरा
नौसेना ने बताया कि पुलिस नारकोटिक्स ब्यूरो की सहायता से की गई जांच में जब्त किए गए ड्रग्स की पुष्टि हुई है। इसमें 200 पैकेटों में रखा 240 किलोग्राम से अधिक मेथामफेटामाइन और 275 पैकेटों में 320 किलोग्राम से ज्यादा हेरोइन शामिल है।
इस बड़ी कार्रवाई के बाद उप रक्षा मंत्री अरुणा जयसेकरा ने बताया कि पिछले एक साल में नौसेना और तटरक्षक बल के संयुक्त अभियानों में कुल 97 अरब श्रीलंकाई रुपये (लगभग 292 मिलियन अमेरिकी डॉलर) मूल्य के नशीले पदार्थ जब्त किए जा चुके हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि देश में नशीले पदार्थों की घुसपैठ रोकने के लिए सशस्त्र बलों, पुलिस और खुफिया एजेंसियों के साथ मिलकर अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
नशा-विरोधी अभियान 'ए नेशन यूनाइटेड'
यह कार्रवाई श्रीलंका में चल रहे एक बड़े नशा-विरोधी अभियान का हिस्सा है। पिछले हफ्ते ही कैबिनेट प्रवक्ता और स्वास्थ्य मंत्री नालिंदा जयतिस्सा ने 'ए नेशन यूनाइटेड' नामक एक साल के अभियान के नतीजों की घोषणा की थी।
उन्होंने बताया कि 30 अक्टूबर 2025 (जब अभियान शुरू हुआ) और 18 अक्टूबर 2026 के बीच, अधिकारियों ने 303,017 संदिग्धों को गिरफ्तार किया। इस दौरान 2,485.1 किलोग्राम हेरोइन, 3,302.7 किलोग्राम क्रिस्टल मेथामफेटामाइन, 297.1 किलोग्राम कोकीन और 11,146 किलोग्राम गांजा समेत भारी मात्रा में अन्य नशीले पदार्थ जब्त किए गए। जयतिस्सा के अनुसार, इस अभियान के तहत 2,580 लोगों को पुनर्वास के लिए भी भेजा गया है।
इनपुट: IANS



