फिलीपींस में मानसून और तूफ़ान का कहर, 3.8 लाख से ज़्यादा लोग प्रभावित, कई इलाकों में बाढ़-भूस्खलन की चेतावनी
फिलीपींस में दक्षिण-पश्चिम मानसून और उष्णकटिबंधीय चक्रवातों के कारण मौसम ने गंभीर रूप ले लिया है, जिससे देश के आठ क्षेत्रों में 3,80,000 से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट…
फिलीपींस में दक्षिण-पश्चिम मानसून और उष्णकटिबंधीय चक्रवातों के कारण मौसम ने गंभीर रूप ले लिया है, जिससे देश के आठ क्षेत्रों में 3,80,000 से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, इस आपदा में अब तक छह लोगों की मौत हो चुकी है और सात अन्य घायल हुए हैं।
आपदा के कारण लगभग 1,10,000 परिवार सीधे तौर पर प्रभावित हुए हैं। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, मौतों के पीछे अलग-अलग वजहें रहीं, जिनमें भारी बारिश से हुए भूस्खलन और चट्टान खिसकने से दो-दो मौतें, जबकि डूबने और करंट लगने से एक-एक व्यक्ति की जान गई।
राहत और बचाव कार्य
प्रभावित लोगों की मदद के लिए फिलीपींस की राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन परिषद ने 86 राहत शिविर सक्रिय किए हैं। इन शिविरों में फिलहाल 2,200 परिवारों के लगभग 7,300 लोग शरण लिए हुए हैं। इसके अलावा, 3,700 से ज़्यादा लोग (1,132 परिवार) राहत शिविरों के बाहर अन्य सुरक्षित स्थानों पर रुके हुए हैं। आपदा में 148 घरों को भी नुकसान पहुँचा है, जिनमें से 10 पूरी तरह तबाह हो गए हैं।
मौसम विभाग की चेतावनी
राज्य के मौसम विभाग 'PAGASA' ने चेतावनी दी है कि डॉल्फिन तूफान के कारण दक्षिण-पश्चिम मानसून और मज़बूत हो गया है, जिससे मेट्रो मनीला और लुजोन के कई प्रांतों सहित फिलीपींस के बड़े हिस्से में भारी बारिश जारी रहेगी। इलोकोस सुर, ला यूनियन, बाटान और ऑक्सिडेंटल मिंडोरो जैसे इलाकों में अचानक बाढ़ या भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। उत्तरी लूजोन के पास समुद्र में भी तेज़ तूफ़ान आने की आशंका है।
मदद के लिए आगे आए शॉपिंग मॉल
इस बीच, राजधानी मेट्रो मनीला में कई शॉपिंग मॉल ने भारी बारिश और बाढ़ से बेघर हुए लोगों के लिए अपने दरवाज़े खोल दिए हैं। एसएम ग्रुप जैसे बड़े समूहों द्वारा संचालित ये मॉल प्रभावित लोगों को मुफ्त वाई-फाई, चार्जिंग स्टेशन और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएँ उपलब्ध करा रहे हैं। शनिवार रात से इन मॉल्स में मुफ्त ओवरनाइट पार्किंग की भी व्यवस्था की गई है।
इनपुट: IANS



