रविवार, 25 अक्टूबर 2026 · नई दिल्ली
दुनिया

ओबामा का ट्रंप पर बड़ा हमला: महंगाई के लिए ईरान से तनाव और टैरिफ नीति को ठहराया जिम्मेदार

अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नीतियों की तीखी आलोचना करते हुए उन्हें बढ़ती महंगाई के लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के…

ओबामा का ट्रंप पर बड़ा हमला: महंगाई के लिए ईरान से तनाव और टैरिफ नीति को ठहराया जिम्मेदार
(फोटो: IANS)

अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नीतियों की तीखी आलोचना करते हुए उन्हें बढ़ती महंगाई के लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ओहायो में एक रैली को संबोधित करते हुए ओबामा ने कहा कि ईरान के साथ अनावश्यक लड़ाई और टैरिफ़ नीतियां ही तेल और डीज़ल की बढ़ती कीमतों की असल वजह हैं।

विज्ञापन

यह रैली क्लीवलैंड के पब्लिक ऑडिटोरियम में 3 नवंबर को होने वाले मिडटर्म चुनावों के सिलसिले में आयोजित की गई थी। ओबामा यहां ओहायो के गवर्नर पद की डेमोक्रेट उम्मीदवार एमी एक्टन और अमेरिकी सीनेट के लिए पार्टी के उम्मीदवार शेरोड ब्राउन के समर्थन में पहुंचे थे। उन्होंने कहा, "इस प्रशासन के फैसले सीधे तौर पर बढ़ती महंगाई के लिए जिम्मेदार हैं।"

ईरान नीति और तेल की कीमतें

ओबामा ने ईरान के मुद्दे पर ट्रंप प्रशासन को घेरते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में हुए समझौते ने ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोका था और इसके लिए कोई मिसाइल नहीं चलानी पड़ी। उन्होंने कहा, "मैंने सिर्फ कूटनीति का रास्ता अपनाया।" उन्होंने मौजूदा हालात पर चिंता जताते हुए कहा, "सात महीने बाद... हमारे सहयोगियों और सैन्य ठिकानों पर हमले हुए हैं, अमेरिकी नागरिक मारे गए हैं, सैकड़ों घायल हुए हैं, हमारे मिसाइल भंडार कम हो गए हैं और अब ईरान को होर्मुज स्‍ट्रेट पर प्रभाव हासिल हो गया है, जहां से दुनिया के बाजारों तक तेल पहुंचता है।" ओबामा ने जोर देकर कहा, "यही वजह है कि तेल की कीमतें बढ़ी हैं। यही कारण है कि डीजल महंगा हुआ है।"

टैरिफ और व्यापार युद्ध पर तंज

ट्रंप की व्यापार नीतियों पर निशाना साधते हुए ओबामा ने कहा कि राष्ट्रपति को टैरिफ़ बहुत पसंद हैं, जबकि इसकी कीमत अंततः आम उपभोक्ताओं को चुकानी पड़ती है। उन्होंने कनाडा के खिलाफ शुरू किए गए ट्रेड वॉर पर कटाक्ष करते हुए कहा, "और अब वह जिस बड़े ट्रेड वॉर की शुरुआत कर रहे हैं, वह उस कथित 'खतरनाक साम्राज्य' कनाडा के खिलाफ है।" उन्होंने मज़ाकिया लहज़े में कहा, "यही वो लोग हैं जिन्होंने हमें मेपल सिरप और अभिनेता मार्टिन शॉर्ट दिए हैं।"

अन्य मुद्दों पर भी आलोचना

ओबामा ने इमिग्रेशन से लेकर व्हाइट हाउस में हो रहे नवीनीकरण तक, कई मुद्दों पर ट्रंप की आलोचना की। उन्होंने कहा कि वह हमेशा सुरक्षित सीमा के पक्षधर रहे हैं, लेकिन उन्हें याद नहीं कि किसी ने चुनाव में "नकाब पहने एजेंट हमारी सड़कों पर दौड़ेंगे" या "कानून का पालन करने वाले नागरिकों की गिरफ्तारी, हिरासत या गोलीबारी की बात की हो।"

इसके अलावा, ओबामा ने ट्रंप पर राष्ट्रपति पद का इस्तेमाल निजी फायदा उठाने के लिए करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने वेनेजुएला के एक अरबपति को दी गई माफी और सरकारी ठेकों का जिक्र करते हुए कहा, "हमने पहले कभी ऐसा राष्ट्रपति नहीं देखा। यह सीधे-सीधे जनता के पैसे पर फायदा उठाने जैसा है।"

'सिस्टम का सर्किट ब्रेकर' हैं चुनाव

अपने भाषण के अंत में, ओबामा ने आगामी मिडटर्म चुनावों को बेहद महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा, "यह चुनाव इस प्रशासन की गलतियों और नासमझी पर कुछ हद तक लगाम लगाने का शायद आखिरी बड़ा मौका है। यह हमारे सिस्टम का सर्किट ब्रेकर है और हमें इस सर्किट ब्रेकर को चालू करना होगा।" उन्होंने कांग्रेस के रिपब्लिकन नेताओं पर भी ट्रंप को न रोकने का आरोप लगाया।

इनपुट: IANS

N

News4Social इंटरनेशनल डेस्क

News4Social इंटरनेशनल डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →