दिल्ली: 6 साल से फरार हत्या का आरोपी 'ऑपरेशन कवच' के तहत गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने करीब छह साल से फरार चल रहे एक हत्या के आरोपी को पकड़ने में बड़ी कामयाबी हासिल की है। आरोपी की पहचान 35 वर्षीय मोहम्मद शेख शब्बीर के रूप में हुई है, जो 2020 में…
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने करीब छह साल से फरार चल रहे एक हत्या के आरोपी को पकड़ने में बड़ी कामयाबी हासिल की है। आरोपी की पहचान 35 वर्षीय मोहम्मद शेख शब्बीर के रूप में हुई है, जो 2020 में जहांगीरपुरी में हुई एक हत्या के मामले में मुख्य अभियुक्त था। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, शब्बीर गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था।
उसे 25 सितंबर को कंझावला इलाके से एक विशेष अभियान के तहत पकड़ा गया। दिल्ली पुलिस ने गंभीर अपराधों में शामिल और लंबे समय से फरार चल रहे अपराधियों को पकड़ने के लिए 'ऑपरेशन कवच' शुरू किया है, और यह गिरफ्तारी इसी अभियान का हिस्सा है।
क्या था हत्या का मामला?
यह मामला 29 अप्रैल, 2020 का है, जब जहांगीरपुरी में सिराज अली नामक व्यक्ति की हत्या कर दी गई थी। पुलिस के अनुसार, सिराज अपनी मीट की दुकान पर थे, तभी मीट के दाम को लेकर उनकी शाह आलम नाम के एक शख्स से बहस हो गई। यह बहस जल्द ही हिंसक मारपीट में बदल गई।
आरोप है कि शाह आलम ने अपने साथियों— मोहम्मद शेख शब्बीर, सिराज, सलीम, जहूर और शकील के साथ मिलकर लोहे की रॉड और लकड़ी के डंडों से सिराज अली पर हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण सिराज अली की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद जहांगीरपुरी थाने में आईपीसी की धारा 302 (हत्या), 323 और 34 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
कैसे पकड़ा गया आरोपी?
इस मामले में अन्य सभी आरोपी पहले ही गिरफ्तार हो चुके थे, लेकिन शब्बीर लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था। क्राइम ब्रांच (एनआर-1) के इंस्पेक्टर पंकज ठाकरान की टीम हत्या और डकैती के फरार आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान कॉन्स्टेबल अंकुश को शब्बीर के कंझावला गांव में छिपे होने की पुख्ता जानकारी मिली।
तकनीकी निगरानी और छापेमारी के बाद इस सूचना की पुष्टि की गई। इसके बाद, एसीपी अशोक शर्मा की देखरेख में एक टीम बनाई गई, जिसने शुक्रवार को कंझावला में छापा मारकर शब्बीर को सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया।
इनपुट: IANS



