यूक्रेन में मालवाहक जहाज़ पर रूसी हमला: 4 भारतीय नाविकों की मौत, भारत ने रूसी राजनयिक को तलब किया
यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह के पास एक वाणिज्यिक मालवाहक जहाज पर हुए रूसी हमले में चार भारतीय नागरिकों की मौत हो गई है, जबकि एक अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है। इस घटना के बाद भारत ने कड़ा रुख अपनाते हुए…
यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह के पास एक वाणिज्यिक मालवाहक जहाज पर हुए रूसी हमले में चार भारतीय नागरिकों की मौत हो गई है, जबकि एक अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है। इस घटना के बाद भारत ने कड़ा रुख अपनाते हुए मंगलवार को रूसी चार्ज डी'अफेयर्स को तलब किया और हमले की निंदा की।
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह हमला 19 जुलाई की शाम को गिनी-बिसाऊ के झंडे वाले जहाज एमवी गोल्डन लियो पर उस समय हुआ, जब वह ओडेसा बंदरगाह से निकल रहा था। जहाज पर कुल 17 क्रू सदस्य सवार थे, जिनमें पांच भारतीय नागरिक शामिल थे।
भारत की कड़ी प्रतिक्रिया
विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, "मौजूदा जानकारी के अनुसार, चार भारतीय नागरिकों की दुखद मौत हो गई है, जबकि एक गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है।" मंत्रालय ने आगे कहा कि यूक्रेन में भारतीय मिशन स्थिति पर करीबी नजर बनाए हुए है और प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता प्रदान कर रहा है। बयान में कहा गया, "हम मारे गए भारतीय नागरिकों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं और घायल भारतीय नागरिक के जल्दी और पूरी तरह ठीक होने की कामना करते हैं।" भारत ने वाणिज्यिक नौवहन को निशाना बनाने और निर्दोष नागरिकों के जीवन को खतरे में डालने की कड़ी निंदा की है।
हमले का विवरण
कीव पोस्ट की एक रिपोर्ट के मुताबिक, तुर्किए के इस मालवाहक जहाज पर रूसी मिसाइल हमले में कुल 10 लोगों की जान गई। यूक्रेनी वायु सेना ने बताया कि रूसी सेना ने तीन क्रूज मिसाइलें (केएच-59/केएच-69) दागी थीं, जिनमें से एक जहाज के दाहिने हिस्से में जा लगी, जिससे उसमें आग लग गई। इस घटना के बाद आठ नाविकों को बचाकर ओडेसा के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया।
रूस का पक्ष
उधर, रूस के रक्षा मंत्रालय ने रविवार को पुष्टि की कि उसकी सेना ने यूक्रेन के बंदरगाहों और यूक्रेनी सशस्त्र बलों के लिए काम करने वाले जहाजों पर हमले जारी रखे हैं। मंत्रालय के अनुसार, इन हमलों में जहाज-रोधी ओनिक्स मिसाइलों, हवा से दागी जाने वाली क्रूज मिसाइलों और अन्य गोला-बारूद का इस्तेमाल किया गया। रूसी रक्षा मंत्रालय ने यह भी दावा किया कि ओडेसा बंदरगाह के पास लंगर डाले दो मालवाहक जहाज भी निशाने पर थे, क्योंकि वे कथित तौर पर सैन्य सामान ले जा रहे थे।
इनपुट: IANS



