मालवीय नगर होटल अग्निकांड: 21 मौतों के मामले में मालिक समेत तीन के खिलाफ पुलिस की चार्जशीट
दिल्ली के मालवीय नगर स्थित होटल में हुए भीषण अग्निकांड के मामले में पुलिस ने अपनी चार्जशीट दाखिल कर दी है। इस हादसे में 21 लोगों की जान चली गई थी। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, चार्जशीट में होटल…
दिल्ली के मालवीय नगर स्थित होटल में हुए भीषण अग्निकांड के मामले में पुलिस ने अपनी चार्जशीट दाखिल कर दी है। इस हादसे में 21 लोगों की जान चली गई थी। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, चार्जशीट में होटल मालिक लवकेश बजाज समेत तीन लोगों को आरोपी बनाया गया है। साकेत कोर्ट में दाखिल इस चार्जशीट पर गुरुवार को विचार किया जाएगा।
यह मामला मालवीय नगर के घनी आबादी वाले हौज रानी इलाके में स्थित 'फ्लोरिश स्टे' होटल से जुड़ा है, जहां तड़के आग लगने से कई मेहमान इमारत में फंस गए थे। इस त्रासदी में 9 भारतीय और 12 विदेशी नागरिकों सहित कुल 21 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य घायल हुए थे। मारे गए विदेशी नागरिकों में बांग्लादेश, लाइबेरिया, नाइजीरिया और मोजाम्बिक के लोग शामिल थे।
लापरवाही और नियमों का उल्लंघन
पुलिस ने होटल प्रबंधन की तरफ से हुई घोर लापरवाही और सुरक्षा नियमों के उल्लंघन को आधार बनाते हुए आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जांच में सामने आया कि 'बेड एंड ब्रेकफास्ट' (B&B) योजना के तहत पंजीकृत इस होटल को केवल छह कमरे चलाने की अनुमति थी, लेकिन वहां अवैध रूप से लगभग 25 कमरे चलाए जा रहे थे। इतना ही नहीं, बेसमेंट में भी कई कमरे बना दिए गए थे, जिससे सुरक्षा नियमों का गंभीर उल्लंघन हो रहा था।
दिल्ली फायर सर्विस के मुताबिक, आग ने इमारत के बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और ऊपरी मंजिलों को अपनी चपेट में ले लिया था, जिससे भारी धुआं और गर्मी पैदा हुई। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि, जांचकर्ता इस बात का भी पता लगा रहे थे कि होटल में आग से बचाव के अनिवार्य उपाय और आपातकालीन निकास की व्यवस्था थी या नहीं।
मालिक का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड
आग लगने के तुरंत बाद दिल्ली पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाकर होटल मालिक लवकेश बजाज को गिरफ्तार कर लिया था। शुरुआती जांच के दौरान उसके और उसकी पत्नी के खिलाफ लुक-आउट सर्कुलर भी जारी किया गया था। पुलिस सूत्रों ने यह भी बताया कि बजाज का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसे पहले बांग्लादेशी नागरिकों द्वारा फर्जी भारतीय पहचान पत्र और पासपोर्ट इस्तेमाल करने से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार किया गया था। उस मामले में भी पुलिस चार्जशीट दाखिल कर चुकी है और बजाज जमानत पर बाहर आने से पहले करीब 15 दिन तिहाड़ जेल में रहा था।
इस अग्निकांड के बाद दिल्ली सरकार ने मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए थे और शहर भर में अवैध गेस्ट हाउस और सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की घोषणा की थी।
इनपुट: IANS



