ईरान बातचीत को तैयार, पर सरेंडर नहीं करेगा: राष्ट्रपति पेजेश्कियन का कड़ा संदेश
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने अमेरिका के साथ बातचीत पर देश का रुख साफ करते हुए कहा है कि तेहरान अपने अधिकारों की रक्षा के लिए संवाद जारी रखने को तैयार है, लेकिन उसे आत्मसमर्पण (सरेंडर) के लिए…
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने अमेरिका के साथ बातचीत पर देश का रुख साफ करते हुए कहा है कि तेहरान अपने अधिकारों की रक्षा के लिए संवाद जारी रखने को तैयार है, लेकिन उसे आत्मसमर्पण (सरेंडर) के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, उन्होंने यह बात स्थानीय समयानुसार शुक्रवार को अपने कार्यालय की वेबसाइट पर प्रकाशित एक साक्षात्कार में कही।
राष्ट्रपति पेजेश्कियन ने ईरान सरकार द्वारा अमेरिका के साथ बातचीत करने और युद्ध समाप्त करने के लिए एक सहमति पत्र (MOU) पर हस्ताक्षर करने के फैसले का बचाव किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि ईरान अपनी जिम्मेदारियों के प्रति तभी तक प्रतिबद्ध है, जब तक अमेरिका एमओयू के तहत अपने वादे पूरे करता है। उन्होंने कहा, "जहां भी वे अपना वादा पूरा करने में फेल होते हैं तो हमारी कोई जिम्मेदारी नहीं है कि हम काम जारी रखें।"
समझौते और तनाव का दौर
ईरान और अमेरिका के बीच यह अहम समझौता जून में हुआ था, जिसके तहत दोनों पक्षों को अंतिम समझौते तक पहुंचने के लिए 60 दिनों के भीतर बातचीत करनी थी। हालांकि, दोनों देशों के बीच हाल में बढ़े तनाव ने इन वार्ताओं के भविष्य को अनिश्चित बना दिया है। इसी सप्ताह की शुरुआत में, पेजेश्कियन ने एमओयू को लेकर ईरानी नेतृत्व में मतभेद और अपने पद छोड़ने की अफवाहों का खंडन करते हुए कहा था कि वह पूरी तरह से अपना काम जारी रखेंगे।
होर्मुज जलडमरूमध्य में धमाके
इस बीच, ईरान के होर्मुजगान प्रांत के दक्षिणी केश्म द्वीप पर गुरुवार रात दो धमाकों की आवाजें सुनी गईं। ईरान की अर्ध-सरकारी तस्नीम न्यूज एजेंसी ने बताया कि ये धमाके होर्मुज जलडमरूमध्य के प्रवेश द्वार पर "शत्रुतापूर्ण लक्ष्यों" के साथ ईरानी सशस्त्र बलों की भिड़ंत के कारण हुए। एजेंसी ने सूत्रों के हवाले से कहा कि धमाकों की आवाज स्थानीय समयानुसार रात करीब 9:40 बजे सुनी गई और जल्द ही ईरानी नौसेना की कामयाबियों की घोषणा की जाएगी।
हालांकि, होर्मुजगान प्रांत के राजनीतिक, सुरक्षा और सामाजिक मामलों के उप-गवर्नर अहमद नफीसी ने कहा है कि केशम द्वीप या प्रांतीय राजधानी बंदर अब्बास में किसी हमले की सूचना नहीं मिली है और विस्फोटों के कारणों की जांच की जा रही है।
समझौते की नई रूपरेखा
इन घटनाओं से पहले, सऊदी के अल हदथ और अल अरबिया न्यूज चैनलों ने गुरुवार को उच्च पदस्थ सूत्रों के हवाले से बताया था कि ईरान और ओमान के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य को 60 दिनों के लिए फिर से खोलने पर एक समझौते की रूपरेखा पर सहमति बन गई है। सिन्हुआ न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, इस समझौते को अभी ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल से मंजूरी मिलनी बाकी है और कुछ दिनों में इसकी घोषणा हो सकती है।
इनपुट: IANS



