ईरान की चेतावनी: 'किसी भी खतरे का जवाब देने के लिए हमारी सेना पूरी तरह तैयार'
ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के बीच तेहरान ने एक बार फिर अपनी सैन्य शक्ति पर ज़ोर दिया है। ईरान के कार्यवाहक रक्षा मंत्री ब्रिगेडियर जनरल माजिद इब्न-ए-रेजा ने चेतावनी दी है कि ईरानी सशस्त्र बल…
ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के बीच तेहरान ने एक बार फिर अपनी सैन्य शक्ति पर ज़ोर दिया है। ईरान के कार्यवाहक रक्षा मंत्री ब्रिगेडियर जनरल माजिद इब्न-ए-रेजा ने चेतावनी दी है कि ईरानी सशस्त्र बल किसी भी खतरे का मुक़ाबला करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ईरान की सैन्य क्षमताएं पूरी तरह से स्वदेशी तकनीक और अपने रक्षा उद्योग पर आधारित हैं।
यह बयान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की उस हालिया धमकी के बाद आया है जिसमें उन्होंने होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) को जल्द न खोले जाने पर ईरान को 'बहुत कड़ा जवाब' देने की बात कही थी। हालांकि, ट्रंप ने यह भी कहा था कि दोनों देशों के बीच 'बहुत अच्छी बातचीत' चल रही है, लेकिन ईरान ने इस दावे को सिरे से खारिज कर दिया।
स्वदेशी तकनीक पर ज़ोर
ईरानी सरकारी समाचार एजेंसी आईआरएनए के मुताबिक, ब्रिगेडियर जनरल माजिद इब्न-ए-रेजा ने सोशल मीडिया पर एक संदेश में कहा, "हर दिन दुश्मन की ताकत कमजोर पड़ने के संकेत और साफ दिखाई दे रहे हैं। वहीं, हमारे सशस्त्र बल देश के रक्षा उद्योग के सहारे किसी भी खतरे का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।"
उन्होंने उन देशों पर भी निशाना साधा जो अपनी सुरक्षा के लिए विदेशों से हथियार खरीदते हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, "जो देश अपनी सुरक्षा और सैन्य बढ़त विदेशों से खरीदने की कोशिश करते हैं, वे जल्द ही समझ जाएंगे कि ईरान की स्वदेशी तकनीक क्षेत्र में मौजूद किसी भी अन्य प्रणाली से बेहतर है।"
बातचीत के दावों का खंडन
एक ओर जहाँ अमेरिकी राष्ट्रपति ने बातचीत की बात कही, वहीं ईरान ने इसका खंडन किया है। तेहरान में एक प्रेस ब्रीफिंग के दौरान ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाघेई ने स्पष्ट किया, "फिलहाल हम अमेरिका के साथ किसी भी तरह की बातचीत नहीं कर रहे हैं।" यह बयान ट्रंप के उस दावे के ठीक उलट है जिसमें उन्होंने कहा था कि अमेरिका-ईरान के बीच 'बहुत अच्छी बातचीत' चल रही है।
इनपुट: IANS



