गुरूवार, 26 नवम्बर 2026 · नई दिल्ली
इकोनॉमी

भारत में बड़े इंफ्रा प्रोजेक्ट्स का बजट 3.28 लाख करोड़ रुपये बढ़ा, जानिए क्या है वजह

भारत में चल रही बड़ी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की लागत में भारी वृद्धि दर्ज की गई है। इस साल अक्टूबर तक, 150 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले इन प्रोजेक्ट्स का कुल बजट 3.28 लाख करोड़ रुपये बढ़ गया…

भारत में बड़े इंफ्रा प्रोजेक्ट्स का बजट 3.28 लाख करोड़ रुपये बढ़ा, जानिए क्या है वजह
(फोटो: IANS)

भारत में चल रही बड़ी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की लागत में भारी वृद्धि दर्ज की गई है। इस साल अक्टूबर तक, 150 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले इन प्रोजेक्ट्स का कुल बजट 3.28 लाख करोड़ रुपये बढ़ गया है, जिससे इनकी संशोधित कुल लागत अब 38.11 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गई है।

विज्ञापन

सांख्यिकी एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन मंत्रालय (एमओएसपीआई) के आंकड़ों का हवाला देते हुए समाचार एजेंसी IANS ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि लागत बढ़ने के बावजूद इन परियोजनाओं पर काम लगातार आगे बढ़ रहा है। अब तक इन पर कुल 17.87 लाख करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं, जो संशोधित लागत का लगभग 46.88 प्रतिशत है।

परियोजनाओं की मौजूदा स्थिति

आंकड़े बताते हैं कि कई प्रोजेक्ट्स अब पूरे होने के करीब हैं। कुल 649 परियोजनाएं (35%) ऐसी हैं, जिनमें 80 प्रतिशत से अधिक भौतिक कार्य पूरा हो चुका है। वहीं, वित्तीय रूप से देखें तो 326 परियोजनाएं (18%) 80 प्रतिशत से ज्यादा पूर्ण हो चुकी हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, परियोजनाओं की भौतिक और वित्तीय प्रगति आम तौर पर साथ-साथ चल रही है। हालांकि, शुरुआती चरणों में वित्तीय खर्च का अनुपात अधिक होता है, क्योंकि प्रारंभिक निवेश ज्यादा होता है।

किस मंत्रालय के पास कितने प्रोजेक्ट?

विभिन्न मंत्रालयों में चल रही इन परियोजनाओं में परिवहन और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र सबसे आगे है। इस सेक्टर में 1,324 परियोजनाएं चल रही हैं, जिनकी कुल लागत 20.37 लाख करोड़ रुपये है, जो कनेक्टिविटी पर सरकार के फोकस को दिखाता है।

मंत्रालयवार प्रमुख परियोजनाएं और उनकी संशोधित लागत इस प्रकार है:

  • रेल मंत्रालय: 288 परियोजनाएं (7.38 लाख करोड़ रुपये)
  • पेट्रोलियम मंत्रालय: 117 परियोजनाएं (4.42 लाख करोड़ रुपये)
  • ऊर्जा मंत्रालय: 108 परियोजनाएं (6.55 लाख करोड़ रुपये)
  • कोयला मंत्रालय: 121 परियोजनाएं (2.22 लाख करोड़ रुपये)
  • आवास एवं शहरी कार्य: 50 परियोजनाएं (3.44 लाख करोड़ रुपये)
  • जल संसाधन विभाग: 33 परियोजनाएं (1.93 लाख करोड़ रुपये)

इनके अलावा 173 अन्य परियोजनाएं नागर विमानन, इस्पात, दूरसंचार और स्वास्थ्य जैसे कई अन्य मंत्रालयों के तहत चल रही हैं, जिनकी कुल लागत 2.63 लाख करोड़ रुपये है।

लागत वृद्धि पर वित्त मंत्रालय सख्त

लागत में हो रही इस बढ़ोतरी को लेकर वित्त मंत्रालय ने अब सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। मंत्रालय ने 5 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली परियोजनाओं में 10% से ज्यादा लागत बढ़ने पर संबंधित मंत्रालयों से विस्तृत स्पष्टीकरण मांगा है। अब मंत्रालयों को यह बताना होगा कि बजट बढ़ने का कारण प्रोजेक्ट में देरी है, कच्चे माल की कीमतें हैं या कोई और वजह। साथ ही, अतिरिक्त बजट आवंटन से पहले संशोधित समयसीमा भी देनी होगी।

इनपुट: IANS

N

News4Social बिज़नेस डेस्क

News4Social बिज़नेस डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से कारोबार और अर्थव्यवस्था से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →