माईक्लाउड पार्टिकल स्कीम धोखाधड़ी: व्यूनाउ ग्रुप पर ED की नई कार्रवाई, 40 करोड़ की संपत्तियां कुर्क
निवेशकों से हजारों करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने व्यूनाउ ग्रुप के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई की है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, एजेंसी ने 'माईक्लाउड…
निवेशकों से हजारों करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने व्यूनाउ ग्रुप के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई की है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, एजेंसी ने 'माईक्लाउड पार्टिकल' स्कीम से जुड़ी मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तहत समूह की लगभग 39.73 करोड़ रुपये की चल और अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से कुर्क कर लिया है। यह आदेश 17 नवंबर 2026 को प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (पीएमएलए), 2002 की धारा 5(1) के तहत जारी किया गया।
इस नई कुर्की के साथ ही मामले में अब तक जब्त की गई कुल संपत्ति का आंकड़ा 236.95 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। ईडी की जालंधर जोनल ऑफिस द्वारा की गई इस कार्रवाई में व्यूनाउ इन्फोटेक प्राइवेट लिमिटेड और अन्य संबंधित व्यक्तियों/संस्थाओं की संपत्तियां शामिल हैं।
क्या है 'माईक्लाउड पार्टिकल' स्कीम घोटाला?
यह जांच उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर (नोएडा) समेत कई राज्यों में दर्ज एफआईआर के आधार पर शुरू की गई थी। व्यूनाउ ग्रुप ने 'माईक्लाउड पार्टिकल' नाम से एक स्कीम लॉन्च की, जिसके तहत निवेशकों को डेटा-सेंटर एसेट्स या 'क्लाउड पार्टिकल्स' खरीदने का लालच दिया गया। कंपनी ने 'सेल-एंड-लीज-बैक' मॉडल पर 120 महीनों तक निश्चित मासिक किराये का वादा किया था। जांच में सामने आया कि कंपनी के पास वास्तव में ऐसे कोई 'क्लाउड पार्टिकल्स' थे ही नहीं और निवेशकों को बताई गई डेटा-स्टोरेज क्षमता सर्वर की वास्तविक क्षमता से कहीं अधिक थी।
निवेशकों के साथ 1917 करोड़ की धोखाधड़ी
ईडी की जांच से पता चला है कि इस फर्जी स्कीम के नाम पर निवेशकों से कुल 3,717 करोड़ रुपये जुटाए गए। इसमें से लगभग 1,800 करोड़ रुपये शुरुआती निवेशकों को लौटा दिए गए ताकि स्कीम पर भरोसा बना रहे, लेकिन बाकी बची 1,917 करोड़ रुपये की बड़ी रकम को दूसरी जगहों पर डायवर्ट कर दिया गया। इस तरह निवेशकों को न तो कोई रिटर्न मिला और न ही उनका मूलधन वापस किया गया।
कुर्क की गई ताजा संपत्तियों में 39.29 करोड़ रुपये की 61 अचल संपत्तियां (फ्लैट, आवास, कमर्शियल प्लॉट) और बैंक खातों में जमा 44.31 लाख रुपये की नकदी शामिल है। इस मामले में ईडी पहले ही सुखविंदर सिंह खरौर, डिंपल खरौर और आरिफ निसार को गिरफ्तार कर चुकी है। एजेंसी ने 24 अप्रैल 2025 को जालंधर की विशेष पीएमएलए अदालत में इन लोगों के खिलाफ अभियोजन शिकायत भी दायर की थी। मामले में आगे की जांच जारी है।
इनपुट: IANS



