शुक्रवार, 14 अगस्त 2026 · नई दिल्ली
दुनिया

कोलंबिया में भूकंप की तबाही: भारत ने भेजी 20 मीट्रिक टन राहत सामग्री, विदेश मंत्री ने दिया मदद का भरोसा

पश्चिमी कोलंबिया में आए विनाशकारी भूकंप के बाद भारत ने मदद का हाथ बढ़ाते हुए राहत सामग्री की पहली खेप भेजी है। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, शुक्रवार को भेजी गई इस खेप में 20 मीट्रिक टन आवश्यक…

कोलंबिया में भूकंप की तबाही: भारत ने भेजी 20 मीट्रिक टन राहत सामग्री, विदेश मंत्री ने दिया मदद का भरोसा
(फोटो: IANS)

पश्चिमी कोलंबिया में आए विनाशकारी भूकंप के बाद भारत ने मदद का हाथ बढ़ाते हुए राहत सामग्री की पहली खेप भेजी है। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, शुक्रवार को भेजी गई इस खेप में 20 मीट्रिक टन आवश्यक वस्तुएं शामिल हैं, ताकि भूकंप प्रभावित लोगों को तत्काल सहायता मिल सके।

विज्ञापन

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर इसकी जानकारी देते हुए कहा, "भूकंप के बाद चल रहे रिकवरी के कामों में मदद के लिए कोलंबिया को 20 एमटी राहत सप्लाई की पहली खेप भेजी गई।" उन्होंने बताया कि इस मदद में दवाएं, मेडिकल उपकरण, अस्थायी आश्रय, स्वच्छता किट और अन्य आपदा राहत सामग्री शामिल है। विदेश मंत्री ने जोर देकर कहा, "भारत इस मुश्किल समय में कोलंबिया के लोगों के साथ एकजुटता में खड़ा है।"

भूकंप से भारी तबाही

सोमवार को आए 7.3 तीव्रता के इस शक्तिशाली भूकंप ने कोलंबिया में गंभीर तबाही मचाई है। आपदा में अब तक 281 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 3,971 लोग घायल हुए हैं। इसके अलावा, 391 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। कोलंबियाई जियोलॉजिकल सर्विस के अनुसार, भूकंप स्थानीय समयानुसार सुबह 7:34 बजे आया था, जिसका केंद्र सैन जोस डेल पालमार के पास 96 किलोमीटर की गहराई में था।

न्यूज एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट का हवाला देते हुए नेशनल यूनिट फॉर डिजास्टर रिस्क मैनेजमेंट ने बताया कि इस प्राकृतिक आपदा से 15 विभागों और 426 नगर पालिकाओं में 1,02,105 लोग (44,936 परिवार) प्रभावित हुए हैं। भूकंप के कारण 10,677 घर पूरी तरह से नष्ट हो गए हैं, जबकि 65,841 अन्य घरों को भी नुकसान पहुंचा है।

इससे पहले मंगलवार को भी विदेश मंत्री जयशंकर ने इस त्रासदी पर दुख व्यक्त करते हुए पीड़ितों के प्रति संवेदना जताई थी और हर संभव मदद का आश्वासन दिया था।

इनपुट: IANS

N

News4Social इंटरनेशनल डेस्क

News4Social इंटरनेशनल डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →