अमेरिकी नौकरियां अमेरिकियों के लिए हों: उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कंपनियों को दी सख्त चेतावनी
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कंपनियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि ट्रंप प्रशासन अमेरिकी नागरिकों के रोजगार की कीमत पर किसी भी व्यवस्था को बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने साफ किया कि वीजा…
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कंपनियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि ट्रंप प्रशासन अमेरिकी नागरिकों के रोजगार की कीमत पर किसी भी व्यवस्था को बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने साफ किया कि वीजा कार्यक्रमों का दुरुपयोग कर स्थानीय कर्मचारियों की जगह कम वेतन वाले विदेशी श्रमिकों को नौकरी पर रखना अस्वीकार्य है।
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, सोमवार को नॉर्थ कैरोलाइना के हेंडरसनविले में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए वेंस ने इस मुद्दे को प्रशासन की व्यापक आव्रजन और आर्थिक नीति से जोड़ा। उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकारी नीतियों का प्राथमिक उद्देश्य हमेशा अमेरिकी नागरिकों के हितों की रक्षा करना होना चाहिए।
वीजा कार्यक्रमों के दुरुपयोग पर निशाना
वेंस ने कहा, "मुझे जिस बात पर सबसे ज्यादा गर्व है, वह यह है कि हम कभी भी बड़ी कंपनियों को वीजा कार्यक्रमों का दुरुपयोग करके नॉर्थ कैरोलिना के मेहनती अमेरिकी कर्मचारियों की जगह ऐसे लोगों को रखने नहीं देंगे, जो लगभग बंधुआ मजदूरी जैसी स्थिति में काम करते हैं।" हालांकि, उन्होंने अपने भाषण में विशेष रूप से एच-1बी वीजा का उल्लेख नहीं किया, लेकिन उनका संदेश स्पष्ट था कि रोजगार-आधारित आव्रजन का इस्तेमाल अमेरिकी कामगारों को विस्थापित करने या उनका वेतन कम करने के लिए नहीं किया जाना चाहिए।
उनकी यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब अमेरिका में रोजगार-आधारित आव्रजन, खासकर एच-1बी वीजा कार्यक्रम पर बहस तेज हो गई है। यह वीजा अमेरिकी कंपनियों को इंजीनियरिंग, आईटी और चिकित्सा जैसे विशेष क्षेत्रों में योग्य विदेशी पेशेवरों को अस्थायी रूप से नियुक्त करने की अनुमति देता है।
आर्थिक रणनीति और आव्रजन नियंत्रण
उपराष्ट्रपति ने स्पष्ट किया कि उनका निशाना उन कंपनियों पर है जो अमेरिकी कर्मचारियों को हटाकर विदेशी श्रमिकों को नियुक्त करती हैं, न कि उन लोगों पर जो कानूनी वीजा पर अमेरिका में काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा, "अमेरिका की नौकरियां अमेरिकी नागरिकों को मिलनी चाहिए, उन लोगों को नहीं जिन्हें यहां काम करने का कानूनी अधिकार नहीं है।"
3 नवंबर को होने वाले मध्यावधि चुनावों से पहले दिए गए इस भाषण में वेंस ने दावा किया कि प्रशासन की कड़ी नीतियों के कारण अवैध रूप से सीमा पार करने की घटनाओं में भारी कमी आई है। उन्होंने कहा कि इसी वजह से अमेरिका में "पिछले 50 वर्षों में पहली बार शुद्ध प्रवासन (नेट माइग्रेशन) नकारात्मक" हुआ है। वेंस ने पिछली व्यापार और आव्रजन नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि उन्होंने देश के विनिर्माण समुदायों को नुकसान पहुंचाया था।
इनपुट: IANS



