शुक्रवार, 9 अक्टूबर 2026 · नई दिल्ली
दुनिया

समुद्री सुरक्षा पर भारत-लाइबेरिया का संयुक्त कदम, जहाजों पर हमलों की कड़ी निंदा

अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भारत और लाइबेरिया ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। दोनों देशों ने मिलकर 'ग्रुप ऑफ फ्रेंड्स ऑन सेफ्टी एंड सिक्योरिटी ऑफ शिपिंग एंड सीफेरर्स'…

समुद्री सुरक्षा पर भारत-लाइबेरिया का संयुक्त कदम, जहाजों पर हमलों की कड़ी निंदा
(फोटो: IANS)

अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भारत और लाइबेरिया ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। दोनों देशों ने मिलकर 'ग्रुप ऑफ फ्रेंड्स ऑन सेफ्टी एंड सिक्योरिटी ऑफ शिपिंग एंड सीफेरर्स' (GOF S4) नामक एक समूह बनाया है, जिसका उद्देश्य दुनिया भर के नाविकों और वाणिज्यिक जहाजों की सुरक्षा को वैश्विक मंच पर प्राथमिकता दिलाना है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, इस समूह का गठन 25 सितंबर को किया गया था।

विज्ञापन

गुरुवार को संयुक्त राष्ट्र में भारत और लाइबेरिया के स्थायी मिशनों ने एक संयुक्त बयान जारी कर खाड़ी क्षेत्र और ब्लैक सी में वाणिज्यिक जहाजों व उनके चालक दल पर हुए हालिया हमलों की कड़ी निंदा की। बयान में कहा गया, "समुद्री व्यापार को बाधित करने और निर्दोष लोगों की जान लेने वाली ऐसी कार्रवाइयों का कोई औचित्य नहीं है।" दोनों देशों ने इन हमलों को तत्काल रोकने की भी अपील की।

क्या है इस नए समूह का उद्देश्य?

शुक्रवार को नई दिल्ली में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि इस समूह का लक्ष्य समुद्री उद्योग से जुड़े देशों और हितधारकों को एक मंच पर लाना है। इसका मकसद अंतरराष्ट्रीय सहयोग को मजबूत करना है, ताकि वाणिज्यिक जहाजों पर हमले न हों और नाविक सुरक्षित रहें। उन्होंने कहा, "विचार यह है कि हमारे नाविकों और वाणिज्यिक जहाजरानी की सुरक्षा के मुद्दे को वैश्विक चर्चा के केंद्र में रखा जा सके।"

न्यूयॉर्क में हुई पहली बैठक

रणधीर जायसवाल के अनुसार, इस समूह की पहली बैठक हाल ही में न्यूयॉर्क में आयोजित की गई थी, जिसमें 25 देशों ने भाग लिया। इस बैठक की सह-अध्यक्षता भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर और लाइबेरिया की विदेश मंत्री सारा बायसोलो न्यान्टी ने की। अपने संयुक्त बयान में, भारत और लाइबेरिया ने हमलों में जान गंवाने वाले नाविकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

इनपुट: IANS

N

News4Social इंटरनेशनल डेस्क

News4Social इंटरनेशनल डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →