रियाद एयरपोर्ट पर हूती हमला: उमराह के लिए परिवार से मिलने गए हैदराबाद के इंजीनियर की मौत
सऊदी अरब की राजधानी रियाद में किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए एक मिसाइल हमले ने हैदराबाद के एक परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस हमले में…
सऊदी अरब की राजधानी रियाद में किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए एक मिसाइल हमले ने हैदराबाद के एक परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस हमले में 46 वर्षीय भारतीय आईटी प्रोफेशनल मोहम्मद यूसुफ अली की मौत हो गई, जो अपने परिवार को उमराह (इस्लामी तीर्थयात्रा) कराने के लिए मदीना ले जाने वाले थे।
यूसुफ अली पिछले 10 वर्षों से रियाद में काम कर रहे थे। उन्होंने करीब 10 दिन पहले ही अपनी पत्नी और तीन बच्चों को उमराह के लिए हैदराबाद से सऊदी अरब बुलाया था। रविवार को जब यह परिवार मदीना जाने वाली अपनी उड़ान का इंतजार कर रहा था, तभी हूती विद्रोहियों द्वारा दागी गई एक मिसाइल एयरपोर्ट पर आ गिरी, जिसका मलबा वहां मौजूद यात्रियों पर गिरा।
परिवार के कई सदस्य घायल
इस हमले में यूसुफ अली गंभीर रूप से घायल हो गए और अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। उनके दो बेटे, 18 वर्षीय अमन अली और 16 वर्षीय वसी अली भी घायल हुए हैं। अमन के घुटने की सर्जरी हुई है, जबकि वसी के पैर की तीन उंगलियां कट गईं। यूसुफ की पत्नी समीरा और 11 वर्षीय बेटी मरियम को मामूली चोटें आई हैं। यूसुफ के एक रिश्तेदार ने बताया कि उनका अंतिम संस्कार रियाद में ही किए जाने की संभावना है।
कई अन्य भारतीय भी प्रभावित
इस हमले में तेलंगाना के एक और व्यक्ति, कामारेड्डी जिले के 42 वर्षीय शेख सईद भी घायल हुए, जो एयरपोर्ट पर एक कैफे में काम करते थे। उन्हें किंग फहद मिलिट्री अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। कुल मिलाकर इस हमले में 11 भारतीय घायल हुए थे। रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने पुष्टि की है कि घायलों में से पांच का इलाज अभी भी चल रहा है, जबकि बाकी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
इस बीच, हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर से पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता प्रदान करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि वह रियाद में यूसुफ के बहनोई के संपर्क में हैं। इस हमले में कुल 13 लोगों की मौत हुई और 300 लोग घायल हुए थे।
इनपुट: IANS



