‘फ्रैजाइल फाइव’ से दुनिया की चौथी बड़ी इकोनॉमी तक: 12 साल में कैसे बदला भारत का आर्थिक चेहरा?
एक दशक पहले तक जिन उभरते बाज़ारों को दुनिया की सबसे कमज़ोर अर्थव्यवस्थाओं यानी 'फ्रैजाइल फाइव' में गिना जाता था, भारत उनमें से एक था। लेकिन अब तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है। ग्लोबल आउटलुक में प्रकाशि…
एक दशक पहले तक जिन उभरते बाज़ारों को दुनिया की सबसे कमज़ोर अर्थव्यवस्थाओं यानी 'फ्रैजाइल फाइव' में गिना जाता था, भारत उनमें से एक था। लेकिन अब तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है। ग्लोबल आउटलुक में प्रकाशित एक नए शोध पत्र के मुताबिक, भारत नॉमिनल जीडीपी के आधार पर दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है और लगातार सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में से एक है।
समाचार एजेंसी IANS के हवाले से मिली इस रिपोर्ट में बताया गया है कि 2014 से 2026 के बीच भारत ने एक असाधारण आर्थिक बदलाव का सफर तय किया है। यह बदलाव सिर्फ आंकड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के आर्थिक ढांचे में आए बुनियादी सुधारों का नतीजा है।
नीतियों और सुधारों का असर
रिपोर्ट में इस आर्थिक छलांग का श्रेय कई अहम नीतिगत सुधारों और कल्याणकारी योजनाओं को दिया गया है। इनमें जन धन-आधार-मोबाइल (JAM) ट्रिनिटी, डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT), यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI), नोटबंदी, मेक इन इंडिया, वस्तु एवं सेवा कर (GST) और दिवाला एवं शोधन अक्षमता संहिता (IBC) जैसे कदम शामिल हैं। अध्ययन के अनुसार, इन सुधारों ने न केवल सरकारी योजनाओं को प्रभावी बनाया, बल्कि निजी निवेश और उद्यमिता के लिए भी एक नया माहौल तैयार किया।
इसकी एक बानगी भारत का पूंजी बाज़ार है, जो बाज़ार पूंजीकरण के लिहाज़ से दुनिया का चौथा सबसे बड़ा बाज़ार बन चुका है। इसी तरह, यूनिकॉर्न स्टार्टअप्स की संख्या के मामले में भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम है।
'हिंदू रेट ऑफ ग्रोथ' से दोगुनी रफ्तार
यह रिपोर्ट 1978 में अर्थशास्त्री राज कृष्ण द्वारा दिए गए 'हिंदू रेट ऑफ ग्रोथ' के विचार की भी याद दिलाती है, जो 1950 से 1980 के दशक के दौरान भारत की लगभग 3.5% की धीमी वृद्धि दर का प्रतीक था। शोध पत्र का तर्क है कि आज की अर्थव्यवस्था उस दौर से बिल्कुल अलग है। 2014 से 2026 के बीच भारत की औसत विकास दर उस 3.5% के मानक से लगभग दोगुनी रही है। इसी अवधि में देश 11वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था से चौथे स्थान पर पहुंच गया।
रिपोर्ट में अर्थशास्त्री एम. गोविंदा राव के एक कथन का जिक्र करते हुए कहा गया है कि भारत का यह परिवर्तन 'धीमी गति वाले हाथी' से 'तेजी से दौड़ते टाइगर' में बदलने जैसा है। शोध पत्र में UPI को भारत की डिजिटल क्रांति का सबसे बड़ा प्रतीक बताया गया है, जो आज दुनिया में सबसे ज़्यादा रियल-टाइम डिजिटल लेनदेन करता है। यह दिखाता है कि कैसे 'लाइसेंस राज' वाली पुरानी पहचान की जगह अब एक डिजिटल और औपचारिक अर्थव्यवस्था ले रही है।
इनपुट: IANS



