डाबर के '100% शुद्ध' दावे पर FSSAI की बड़ी कार्रवाई, कई उत्पादों की बिक्री पर तत्काल रोक, शेयर गिरे
रोज़मर्रा के इस्तेमाल के सामान (FMCG) बनाने वाली प्रमुख कंपनी डाबर इंडिया लिमिटेड को अपने कई उत्पादों पर "100% शुद्ध" और "100% नेचुरल" जैसे भ्रामक दावे करने के कारण बड़ी नियामक कार्रवाई का सामना करना…
रोज़मर्रा के इस्तेमाल के सामान (FMCG) बनाने वाली प्रमुख कंपनी डाबर इंडिया लिमिटेड को अपने कई उत्पादों पर "100% शुद्ध" और "100% नेचुरल" जैसे भ्रामक दावे करने के कारण बड़ी नियामक कार्रवाई का सामना करना पड़ा है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने इन दावों को नियमों का उल्लंघन मानते हुए कंपनी को ऐसे कई उत्पादों की बिक्री तत्काल रोकने का आदेश दिया है। इस खबर के बाद डाबर के शेयरों में करीब 3 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।
FSSAI ने अपनी कार्रवाई में कहा कि "100% प्योर", "100% प्यूरिटी गारंटीड" और "100% टेंडर कोकोनट वाटर" जैसे दावे अस्पष्ट, अप्रमाणित और उपभोक्ताओं को गुमराह करने वाले हैं। खाद्य नियामक के मुताबिक, इस तरह के दावे खाद्य सुरक्षा एवं मानक (विज्ञापन एवं दावे) विनियम, 2018 का स्पष्ट उल्लंघन करते हैं।
किन उत्पादों पर हुई कार्रवाई?
FSSAI ने कुछ विशिष्ट उत्पादों का भी उल्लेख किया है। डाबर हिमालयन ऑर्गेनिक एप्पल साइडर विनेगर और डाबर ऑर्गेनिक हनी पर बिना वैध मंजूरी के 'जैविक भारत' का लोगो इस्तेमाल किया जा रहा था, जो 'फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स (ऑर्गेनिक फ़ूड्स) रेगुलेशंस, 2017' के खिलाफ है। इसके अलावा, डाबर होममेड कोकोनट मिल्क को "100% शुद्धता" के दावे के साथ बेचा जा रहा था, जबकि कंपाउंड खाद्य उत्पादों के लिए ऐसे दावों की अनुमति नहीं है।
नियामक ने दिए सख्त निर्देश
खाद्य नियामक ने यह भी बताया कि कंपनी को इन भ्रामक "100%" दावों को बंद करने के लिए पहले भी नोटिस दिया गया था, लेकिन डाबर की ओर से कोई संतोषजनक सुधारात्मक कार्रवाई नहीं की गई। अब FSSAI ने कंपनी को इन सभी चिह्नित उत्पादों की बिक्री तुरंत बंद करने और 15 दिनों के भीतर 'एक्शन टेकन रिपोर्ट' (ATR) जमा करने का कड़ा निर्देश दिया है।
इस घटनाक्रम का असर डाबर के शेयर पर भी दिखा। सुबह 11:30 बजे कंपनी का शेयर 2.85 प्रतिशत गिरकर 413.65 रुपये पर कारोबार कर रहा था। पिछले एक महीने में डाबर का शेयर 8% और छह महीने में 17% से ज्यादा टूट चुका है।
इनपुट: IANS



