विशाखापत्तनम सड़क हादसा: शादी में जा रहे एक ही परिवार के चार लोगों की मौत, मंत्री ने जताया दुख
आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम जिले में रविवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जिसमें एक 11 साल का बच्चा भी शामिल है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह हादसा उस वक्त हुआ जब…
आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम जिले में रविवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जिसमें एक 11 साल का बच्चा भी शामिल है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह हादसा उस वक्त हुआ जब एक कार ने लॉरी को ओवरटेक करने की कोशिश की और संतुलन खोकर उससे जा टकराई। इस घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है।
पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना कोलकाता-चेन्नई राष्ट्रीय राजमार्ग पर पेंडुरथी और आनंदपुरम के बीच गांडीगुंडम के पास हुई। पीड़ित पलनाडु जिले के रहने वाले थे और श्रीकाकुलम जिले के टेक्काली में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे।
टक्कर में चार की मौके पर मौत
पुलिस के मुताबिक, कार ने पीछे से लॉरी को टक्कर मारी, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान पी. रामंजनेयुलु (51), शेख मीरा वली (56), एम. भवानी शंकर (11) और ड्राइवर श्रीनू के रूप में हुई है। इस हादसे में घायल हुए एम. चंद्रशेखर को भीमिली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मंत्रियों ने दुख जताया, बेहतर इलाज के निर्देश
राज्य के परिवहन मंत्री मंडीपल्ली रामप्रसाद रेड्डी और गृह मंत्री वी. अनीता ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। परिवहन मंत्री ने मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को घायल चंद्रशेखर को हरसंभव बेहतर इलाज मुहैया कराने का निर्देश दिया। उन्होंने लोगों से सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करने की भी अपील की। गृह मंत्री ने भी अधिकारियों से बात कर घायल व्यक्ति के सर्वोत्तम इलाज को सुनिश्चित करने के लिए कहा।
इनपुट: IANS



