पश्चिम बंगाल: नौकरी के बदले लाखों की ठगी, तृणमूल की पूर्व पंचायत प्रमुख पति समेत गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में एक पूर्व तृणमूल कांग्रेस पंचायत प्रमुख को गिरफ्तार किया गया है। समाचार एजेंसी IANS…
पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में एक पूर्व तृणमूल कांग्रेस पंचायत प्रमुख को गिरफ्तार किया गया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, आरोपी बसंती बिस्वास स्वरूपनगर की चारघाट पंचायत की प्रमुख रह चुकी हैं। इस मामले में उनके पति निखिल रंजन बिस्वास को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।
यह कार्रवाई तब हुई जब पीड़ितों ने राज्य में सरकार बदलने के बाद मुख्यमंत्री की जनसुनवाई में न्याय की गुहार लगाई। मुख्यमंत्री ने मामले का संज्ञान लेते हुए प्रशासन को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद यह गिरफ्तारियां हुईं।
क्या हैं धोखाधड़ी के आरोप?
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि तृणमूल कांग्रेस के शासनकाल में बसंती और उनके पति निखिल ने कई बेरोजगार युवाओं से भारी रकम वसूली थी। स्वरूपनगर निवासी मजार अली सहित कई लोगों ने शिकायत में कहा है कि उन्होंने 2023 में लाखों रुपये दिए थे, जिसके बदले में बिस्वास दंपति ने उन्हें सरकारी नौकरी दिलाने का वादा किया था।
लेकिन पीड़ितों को न तो नौकरी मिली और न ही उनके पैसे वापस किए गए। जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो दंपति ने कथित तौर पर उन्हें धमकाना शुरू कर दिया। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि पिछली सरकार में बसंती की पार्टी सत्ता में होने के कारण उनकी सुनवाई नहीं हो रही थी।
न्याय की उम्मीद में पीड़ित
बसंती बिस्वास की गिरफ्तारी के बाद शिकायतकर्ता मजार अली ने कहा कि वह पहले एक आईसीडीएस कर्मचारी थीं और बाद में पंचायत प्रधान बनीं। उन्होंने आरोप लगाया कि बसंती ने नौकरी के नाम पर बेरोजगारों से पैसे लेकर करोड़ों की संपत्ति बनाई है। अली ने कहा, "मुख्यमंत्री ने हमारी अपील पर कार्रवाई की है। इस धोखाधड़ी में कुछ और लोग भी शामिल हैं, उम्मीद है वे भी जल्द पकड़े जाएंगे।"
पुलिस के मुताबिक, निखिल बिस्वास को 12 सितंबर को गिरफ्तार किया गया था, जबकि बसंती की गिरफ्तारी सोमवार को हुई। उन्हें बशीरहाट सब-डिविजनल कोर्ट में पेश किया जाएगा। इस बीच, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता वृंदाबन सरकार ने कहा कि इस गिरफ्तारी से स्थानीय लोगों के बीच एक स्पष्ट संदेश गया है।
इनपुट: IANS



