अफगानिस्तान: नूरिस्तान में भीषण बाढ़ का कहर, 20 की मौत, 100 से अधिक लोग लापता
पूर्वी अफगानिस्तान के नूरिस्तान प्रांत में भारी बारिश के बाद आई विनाशकारी बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार को आई इस अचानक बाढ़ में कम से कम 20 लोगों की…
पूर्वी अफगानिस्तान के नूरिस्तान प्रांत में भारी बारिश के बाद आई विनाशकारी बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार को आई इस अचानक बाढ़ में कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई, जबकि 100 से ज़्यादा लोग अब भी लापता हैं। इस प्राकृतिक आपदा में करीब 80 लोग घायल भी हुए हैं।
अफगानिस्तान की राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के प्रवक्ता यूसुफ हम्मद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी देते हुए बताया कि बाढ़ से प्रांत में बड़े पैमाने पर जान-माल का नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रांतीय आपदा प्रबंधन विभाग की टीमें प्रभावित इलाकों में पहुंच चुकी हैं और राहत व बचाव कार्य में जुटी हैं। टीमें मृतकों के शव निकालने, घायलों को बचाने और लापता लोगों की तलाश कर रही हैं।
राहत और बचाव कार्य जारी
नूरिस्तान की राजधानी पारून बाढ़ से सबसे ज़्यादा प्रभावित हुई है, जहाँ कई घर और बुनियादी ढाँचे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। अफगान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने एक बयान में मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और राहत एवं बचाव अभियान को और तेज़ करने की आवश्यकता पर जोर दिया। अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच और नुकसान का आकलन पूरा होने के बाद ही हताहतों के आधिकारिक आँकड़े जारी किए जाएंगे।
देश में आपदाओं का बढ़ता प्रकोप
यह घटना अफगानिस्तान में हाल के महीनों में आई प्राकृतिक आपदाओं की श्रृंखला में नवीनतम है। इससे पहले, 9 जून को अधिकारियों ने बताया था कि पिछले दस हफ्तों में मौसमी बाढ़ और अन्य आपदाओं के कारण देशभर में कम से कम 301 लोगों की मौत हुई थी और 385 लोग घायल हुए थे।
राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, इन आपदाओं ने देशभर में 18,812 परिवारों को प्रभावित किया है। इस दौरान लगभग 2,000 घर पूरी तरह से नष्ट हो गए, जबकि 7,187 घरों को आंशिक नुकसान पहुँचा। इसके अलावा, 580 किलोमीटर सड़कें बह गईं और 30,300 एकड़ से ज़्यादा कृषि भूमि व फसलें बर्बाद हो गईं, जिससे लोगों की आजीविका और बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुँचा है।
इनपुट: IANS



