पश्चिम बंगाल: बच्चे की मौत का आरोपी 'फर्जी डॉक्टर' दुबई से लौटते ही दिल्ली एयरपोर्ट पर गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल के पूर्वी बर्दवान जिले में एक चार साल के बच्चे की मौत के मामले में आरोपी शेख सैदुल हक को दिल्ली एयरपोर्ट पर गिरफ्तार कर लिया गया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी कथि…
पश्चिम बंगाल के पूर्वी बर्दवान जिले में एक चार साल के बच्चे की मौत के मामले में आरोपी शेख सैदुल हक को दिल्ली एयरपोर्ट पर गिरफ्तार कर लिया गया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी कथित तौर पर एक फर्जी डॉक्टर है और सर्जरी के बाद बच्चे की मौत हो जाने के बाद से ही फरार था।
पुलिस के अनुसार, हक कुछ दिनों के लिए दुबई में छिपा हुआ था। मंगलवार को जैसे ही वह दिल्ली वापस लौटा, उसे एयरपोर्ट पर गिरफ्तार कर लिया गया। यह गिरफ्तारी बच्चे के परिवार की शिकायत के बाद जारी किए गए लुकआउट नोटिस के आधार पर हुई।
लुकआउट नोटिस और गिरफ्तारी
पूर्वी बर्दवान जिले के नवाबहाट इलाके में एक अस्पताल में शेख सैदुल हक ने कुछ दिन पहले एक चार वर्षीय बच्चे का ऑपरेशन किया था, जिसके तुरंत बाद बच्चे की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद, परिवार की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की, जिसमें सैदुल की डॉक्टरी योग्यता पर भी गंभीर सवाल उठे। एक पुलिस अधिकारी ने बताया, "जांच के दौरान वह दुबई भाग गया था। उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया था। उसी नोटिस के आधार पर उसे दिल्ली हवाई अड्डे पर गिरफ्तार किया गया।"
कोलकाता लाया गया आरोपी
दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद आरोपी को पश्चिम बंगाल पुलिस को सौंप दिया। बुधवार देर रात करीब 1.30 बजे बर्दवान पुलिस की टीम उसे फ्लाइट से कोलकाता लेकर पहुंची, जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पुलिस ने यह भी बताया है कि शेख सैदुल हक के खिलाफ कई अन्य आरोप भी हैं।
अस्पताल संघ ने जताया आभार
इस गिरफ्तारी पर निजी अस्पतालों और नर्सिंग होम के संघ ने पुलिस का आभार व्यक्त किया है। संघ के एक सदस्य ने कहा, "हमें उम्मीद है कि सैदुल की गिरफ्तारी के बाद फर्जी डॉक्टर जुल्फिकार और हमारी ओर से पहचाने गए चार अन्य लोगों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हमें पुलिस पर पूरा भरोसा है।"
इनपुट: IANS



