जयपुर: EPF खाते फ्रीज करने की धमकी देकर मांगी 2 लाख की घूस, अधिकारी 1 लाख लेते गिरफ्तार
राजस्थान की राजधानी जयपुर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के एक प्रवर्तन अधिकारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिकारी पर एक कंपनी के…
राजस्थान की राजधानी जयपुर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के एक प्रवर्तन अधिकारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिकारी पर एक कंपनी के खिलाफ FIR दर्ज न करने और उसके बैंक खाते फ्रीज करने की धमकी देकर रिश्वत मांगने का आरोप है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, उसे एक लाख रुपए की घूस लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया।
एसीबी के महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि गिरफ्तार अधिकारी की पहचान सोनू मौर्य के रूप में हुई है। एक शिकायतकर्ता ने ब्यूरो से संपर्क कर आरोप लगाया था कि मौर्य उसकी कंपनी के कर्मचारियों का पीएफ अंशदान जमा न करने के मामले को रफा-दफा करने के लिए 2 लाख रुपए की रिश्वत मांग रहा था।
कैसे हुई गिरफ्तारी?
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने सबसे पहले आरोपों का सत्यापन किया। जांच में यह पुष्टि हो गई कि आरोपी अधिकारी एक लाख रुपए की रिश्वत पर मामला निपटाने के लिए तैयार था। इसके बाद एसीबी की जयपुर सिटी-4 इकाई ने जाल बिछाया। बुधवार को जैसे ही आरोपी सोनू मौर्य ने शिकायतकर्ता की कंपनी के चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) की मौजूदगी में 1 लाख रुपए की रिश्वत ली, एसीबी की टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया और रिश्वत की रकम बरामद कर ली।
आगे की कार्रवाई और जांच
यह पूरी कार्रवाई एसीबी के उप महानिरीक्षक ओमप्रकाश मीणा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार गुप्ता के नेतृत्व में की गई। फिलहाल, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव और पुलिस महानिरीक्षक एस. परिमला के निर्देशन में आरोपी से पूछताछ की जा रही है। एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और यह भी जांच कर रही है कि इस मामले में कोई और तो शामिल नहीं है।
ब्यूरो ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे भ्रष्टाचार से जुड़ी कोई भी शिकायत टोल-फ्री हेल्पलाइन 1064 या व्हाट्सएप नंबर 94135-02834 पर दर्ज करा सकते हैं।
इनपुट: IANS



