मुंबई: अमेरिकी नागरिक किशोरी को टक्कर मारकर भागने वाला इंजीनियरिंग छात्र CCTV की मदद से गिरफ्तार
मुंबई के विले पार्ले इलाके में एक 15 वर्षीय लड़की को टक्कर मारकर भागने के मामले में पुलिस ने इंजीनियरिंग के एक छात्र को गिरफ्तार कर लिया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह घटना मिठीबाई कॉलेज के पास…
मुंबई के विले पार्ले इलाके में एक 15 वर्षीय लड़की को टक्कर मारकर भागने के मामले में पुलिस ने इंजीनियरिंग के एक छात्र को गिरफ्तार कर लिया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह घटना मिठीबाई कॉलेज के पास एनएस रोड नंबर 1 पर हुई, जब भारतीय मूल की अमेरिकी नागरिक यह किशोरी सड़क पार कर रही थी। आरोपी की पहचान दिवित अमित मेहता के रूप में हुई है।
घटना के बाद मोटरसाइकिल सवार मौके से फरार हो गया था। जुहू पुलिस स्टेशन ने लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने बताया कि हादसा उस वक्त हुआ जब सड़क पर काफी ट्रैफिक था और एक तेज रफ्तार बाइक ने लड़की को टक्कर मार दी, जिससे वह घायल होकर सड़क पर गिर गई।
CCTV फुटेज से सुलझा मामला
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल किशोरी को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस अधिकारियों ने आरोपी की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास लगे कई CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। एनएस रोड नंबर 1 और मिठीबाई कॉलेज के आसपास की दुकानों, इमारतों और चौराहों के फुटेज की जांच के बाद आखिरकार पुलिस बाइक सवार तक पहुंचने में कामयाब रही।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की आगे की जांच जारी है।
इनपुट: IANS



