पंजाब: अवैध कॉलोनी घोटाले में ED की बड़ी कार्रवाई, करोड़ों की संपत्ति और 1 किलो सोना जब्त
पंजाब में अवैध कॉलोनियों को विकसित और नियमित करने से जुड़े एक बड़े घोटाले की जांच में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अहम कार्रवाई की है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, ईडी ने आरोपी के मोहाली और चंडीगढ़…
पंजाब में अवैध कॉलोनियों को विकसित और नियमित करने से जुड़े एक बड़े घोटाले की जांच में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अहम कार्रवाई की है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, ईडी ने आरोपी के मोहाली और चंडीगढ़ स्थित ठिकानों पर छापेमारी कर 1 किलो सोने की ईंट और करोड़ों रुपये की संपत्ति जब्त की है। यह मामला मोहाली के कुराली गांव में विकसित की गईं 'ड्रीम मीडोज-I' और 'ड्रीम मीडोज-II' कॉलोनियों से जुड़ा है।
ईडी की यह जांच पंजाब विजिलेंस ब्यूरो द्वारा दर्ज की गई दो FIR पर आधारित है। इन मामलों में डब्ल्यूडब्ल्यूआईसीएस एस्टेट्स प्राइवेट लिमिटेड, इसके निदेशक दविंदर सिंह संधू, और लोक निर्माण विभाग (बीएंडआर) के एक कार्यकारी इंजीनियर निमरतदीप सिंह समेत कई सरकारी अधिकारियों और निजी व्यक्तियों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
कैसे हुआ यह घोटाला?
जांच में सामने आया है कि डब्ल्यूडब्ल्यूआईसीएस एस्टेट्स ने सरकारी फीस से बचने के लिए एक ही कॉलोनी को 'ड्रीम मीडोज-I' और 'ड्रीम मीडोज-II' के रूप में अलग-अलग पेश किया। ऐसा करके उन्होंने कम फीस भरी, जिससे सरकारी खजाने को सीधा नुकसान पहुंचाया गया। इसके अलावा, कॉलोनियों को नियमित कराने के लिए जाली सहमति पत्रों का इस्तेमाल किया गया था, जिन्हें विकास प्राधिकरणों में जमा कराया गया था।
आय से अधिक संपत्ति का मामला
विजिलेंस ब्यूरो की दूसरी FIR के मुताबिक, पीडब्ल्यूडी के इंजीनियर निमरत दीप सिंह ने 1 अप्रैल 2004 से 10 दिसंबर 2020 के बीच अपने परिवार और सहयोगियों के जरिए आय के ज्ञात स्रोतों से कहीं ज़्यादा संपत्ति जमा की। जांच से पता चला कि उन्होंने अपनी कुल कानूनी आय से 1.73 गुना अधिक, यानी लगभग 35.58 करोड़ रुपये का अतिरिक्त खर्च किया। ईडी ने पाया कि सिंह ने अपने और अपने परिवार के नाम पर कई अचल संपत्तियां जमा कर ली हैं।
छापेमारी में क्या-क्या मिला?
प्रवर्तन निदेशालय ने 20 नवंबर को 'प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट' (PMLA) के तहत यह कार्रवाई की। मोहाली और चंडीगढ़ के ठिकानों पर हुई तलाशी के दौरान ईडी को अपराध से जुड़े कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, डिजिटल डिवाइस और अन्य रिकॉर्ड मिले। एजेंसी ने बताया कि छापेमारी में 1 किलो सोने की ईंट (कीमत 1,23,50,000 रुपये) बरामद हुई है। इसके अलावा, आरोपियों के फिक्स्ड डिपॉजिट (FDR) और बैंक खातों में जमा करीब 3.16 करोड़ रुपये की रकम को फ्रीज कर दिया गया है। फिलहाल, जब्त दस्तावेजों की जांच चल रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
इनपुट: IANS



