यूक्रेन पर रूस का चौतरफा हमला, काला सागर में युद्धविराम के प्रस्ताव पर नजरें
यूक्रेन के साथ जारी संघर्ष के बीच रूस ने शनिवार को दावा किया है कि उसने यूक्रेन के ऊर्जा और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, रूसी रक्षा मंत्रालय ने सोशल मीडिया पर एक…
यूक्रेन के साथ जारी संघर्ष के बीच रूस ने शनिवार को दावा किया है कि उसने यूक्रेन के ऊर्जा और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, रूसी रक्षा मंत्रालय ने सोशल मीडिया पर एक बयान जारी कर कहा कि ड्रोन उत्पादन और संचालन केंद्रों पर भी हमले किए गए हैं। इस बीच, यूक्रेन ने काला सागर में युद्धविराम के लिए अपने साझेदार देशों को प्रस्ताव भेज दिया है और रूस की प्रतिक्रिया का इंतजार कर रहा है।
मंत्रालय के मुताबिक, रूस के सामरिक विमानों, हमलावर ड्रोनों, मिसाइल बलों और तोपखाने ने कुल 156 अलग-अलग इलाकों में मौजूद लक्ष्यों पर हमला किया। इन हमलों में ऊर्जा, ईंधन, परिवहन ढांचे और सैन्य हवाई अड्डों को नुकसान पहुंचाने का दावा किया गया है। रूसी वायु रक्षा प्रणालियों ने भी कार्रवाई करते हुए पांच गाइडेड हवाई बमों, अमेरिका निर्मित HIMARS रॉकेट सिस्टम के एक प्रोजेक्टाइल और 1,601 फिक्स्ड-विंग ड्रोनों को मार गिराने की बात कही है।
युद्धविराम की पहल और शर्तें
एक तरफ जहां रूस हमले जारी रखे हुए है, वहीं दूसरी ओर यूक्रेन ने कूटनीतिक पहल की है। सिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, यूक्रेन के विदेश मंत्री एंड्री सिबिहा ने शुक्रवार को 'फूड फ्रॉम यूक्रेन' सम्मेलन में कहा, "हम युद्धविराम के लिए तैयार हैं। अब हम रूस के जवाब का इंतजार कर रहे हैं। हमारे सभी प्रस्ताव भेजे जा चुके हैं।" उन्होंने बताया कि इन प्रस्तावों में काला सागर में नौवहन की पूरी स्वतंत्रता बहाल करना और कृषि उत्पादों का बिना रुकावट निर्यात शामिल है। सिबिहा के अनुसार, रूस चाहता है कि इस समझौते में तेल निर्यात से जुड़े प्रावधान भी शामिल किए जाएं।
रूस ने नौसेना में शामिल की नई परमाणु पनडुब्बी
इस तनाव के बीच रूस अपनी सैन्य ताकत बढ़ाने में भी लगा है। राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शुक्रवार को 'पर्म' नामक नई परमाणु ऊर्जा संचालित पनडुब्बी को प्रशांत बेड़े में शामिल करने की घोषणा की। क्रेमलिन के मुताबिक, 'पर्म' चौथी पीढ़ी की पनडुब्बी है और यह जिरकॉन हाइपरसोनिक क्रूज मिसाइलों से लैस होने वाली रूसी नौसेना की पहली पनडुब्बी है। पुतिन ने कहा कि यह यासेन-एम श्रेणी की पांचवीं परमाणु पनडुब्बी है, जिसे पिछले छह वर्षों में नौसेना को सौंपा गया है। उन्होंने कहा कि रूस अपनी नौसेना, खासकर पनडुब्बी बेड़े का विस्तार जारी रखेगा और 2030 तक कई और पनडुब्बियों को शामिल करने की योजना है।
इनपुट: IANS



