कोलकाता: 200 साल पुरानी 'जर्जर' इमारत बारिश में ढही, एक महिला की मौत, 19 लोगों को बचाया गया
कोलकाता के एक व्यस्त इलाके में मंगलवार तड़के भारी बारिश के बाद 200 साल पुरानी एक इमारत का हिस्सा ढह गया, जिसमें एक महिला की जान चली गई। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, हादसे के वक्त इमारत में 20 लोग…
कोलकाता के एक व्यस्त इलाके में मंगलवार तड़के भारी बारिश के बाद 200 साल पुरानी एक इमारत का हिस्सा ढह गया, जिसमें एक महिला की जान चली गई। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, हादसे के वक्त इमारत में 20 लोग मौजूद थे, जिनमें से 19 को मलबे से सुरक्षित निकाल लिया गया है। कोलकाता नगर निगम (KMC) इस इमारत को बहुत पहले ही 'जर्जर' घोषित कर चुका था।
यह हादसा उत्तरी कोलकाता के शिमला-बेडन स्ट्रीट इलाके की ब्रजादुलाल स्ट्रीट पर हुआ। स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतक महिला, उर्मिला शॉ, सुबह काम के लिए घर से निकलने ही वाली थीं कि तीन मंजिला इमारत का एक हिस्सा गिर गया और वह मलबे में दब गईं। उनके पति और बेटे भी फंसे हुए 19 लोगों में शामिल थे।
बचाव कार्य में आईं मुश्किलें
घटना की सूचना मिलते ही पश्चिम बंगाल अग्निशमन विभाग, राज्य आपदा प्रबंधन विभाग और NDRF की टीमें मौके पर पहुंच गईं। हालांकि, इमारत के सामने की गली बेहद संकरी होने के कारण बचाव दलों को राहत कार्य में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
कोलकाता नगर निगम की कमिश्नर स्मिता पांडे ने बताया, "सुबह करीब 6 बजे इमारत का एक हिस्सा गिरा। पूरी इमारत नहीं गिरी। इस घटना में एक महिला की मौत हो गई। मलबे में फंसे सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और काफी हद तक मलबा हटा दिया गया है।"
नगर निगम की चेतावनी को किया था नजरअंदाज
KMC अधिकारियों ने इस इमारत के निवासियों को इसे खाली करने या पूरी मरम्मत कराने की कई बार सलाह दी थी। बताया जा रहा है कि कुछ पुराने निवासियों ने चेतावनी मानकर घर छोड़ दिया था, लेकिन कई परिवार खतरों के बावजूद वहीं रुके रहे। एक प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, सुबह तेज आवाज सुनकर लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि इमारत गिरी हुई है और उर्मिला शॉ का शव मलबे में दबा है।
इनपुट: IANS



