दिल्ली: पहाड़गंज में स्पा की आड़ में चल रहे जिस्मफरोशी के धंधे का भंडाफोड़, 4 महिलाएँ बचाई गईं
दिल्ली पुलिस की सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट टीम ने पहाड़गंज इलाके में एक स्पा सेंटर पर छापा मारकर जिस्मफरोशी के एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान स्पा के मालिक को गिरफ्तार कर लि
दिल्ली पुलिस की सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट टीम ने पहाड़गंज इलाके में एक स्पा सेंटर पर छापा मारकर जिस्मफरोशी के एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान स्पा के मालिक को गिरफ्तार कर लिया है, साथ ही मौके से चार महिलाओं को भी बचाया गया।
समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को 30 जून को एक गुप्त सूचना मिली थी कि पहाड़गंज के पंचकुइयां रोड पर स्थित 'सिन स्पा' में गैर-कानूनी गतिविधियां चल रही हैं। सूचना के आधार पर, पुलिस ने एक विशेष टीम बनाकर मामले की जांच शुरू की।
इस तरह दिया गया ऑपरेशन को अंजाम
पुलिस ने इस रैकेट का भंडाफोड़ करने के लिए एक 'डिकॉय ऑपरेशन' की योजना बनाई। इसके तहत एक पुलिसकर्मी को नकली ग्राहक बनाकर स्पा में भेजा गया। उसे पहले से चिह्नित किए हुए 2,000 रुपये के नोट भी दिए गए थे।
स्पा के अंदर संचालक ने नकली ग्राहक को पैसों के बदले सेक्स सेवाओं की पेशकश की। जैसे ही ग्राहक ने एडवांस पेमेंट देकर तय सिग्नल दिया, बाहर इंतजार कर रही पुलिस टीम ने तुरंत स्पा पर छापा मार दिया।
गिरफ्तारी और बरामदगी
पुलिस ने मौके से ही स्पा के मालिक और मैनेजर अजय मल्होत्रा को गिरफ्तार कर लिया। 39 वर्षीय अजय दिल्ली के नबी करीम इलाके का रहने वाला है। पूछताछ में उसने कबूल किया कि वह स्पा की आड़ में वेश्यावृत्ति का धंधा चला रहा था।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 3,400 रुपये नकद बरामद किए, जिसमें नकली ग्राहक द्वारा दिए गए 2,000 रुपये भी शामिल थे। इसके अलावा, एक कस्टमर एंट्री रजिस्टर और कुछ अन्य आपत्तिजनक दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं। पुलिस ने 1 जुलाई को पहाड़गंज थाने में एफआईआर दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
बचाई गईं चार महिलाएँ
इस ऑपरेशन में पुलिस ने मौके पर मौजूद चार महिलाओं को बचाया। इनमें से एक 40 वर्षीय महिला उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद की, दो 26 वर्षीय महिलाएँ दिल्ली के दादर बाजार और यूपी के प्रतापगढ़ की, और एक 31 वर्षीय महिला दिल्ली के नबी करीम इलाके की रहने वाली हैं। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस रैकेट में और कौन-कौन लोग शामिल थे।
इनपुट: IANS



