शेयर बाज़ार में भारी मुनाफे का झांसा, दिल्ली पुलिस ने 5 राज्यों में फैले साइबर ठगी गिरोह का किया भंडाफोड़
शेयर बाज़ार और आईपीओ में निवेश कर रातों-रात अमीर बनने का सपना दिखाकर लोगों से लाखों रुपये ठगने वाले एक बड़े साइबर फ्रॉड नेटवर्क का दिल्ली पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने पांच अलग-अलग…
शेयर बाज़ार और आईपीओ में निवेश कर रातों-रात अमीर बनने का सपना दिखाकर लोगों से लाखों रुपये ठगने वाले एक बड़े साइबर फ्रॉड नेटवर्क का दिल्ली पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने पांच अलग-अलग राज्यों से सात लोगों को गिरफ्तार किया है, जिन पर कुल 67.78 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, यह गिरोह वॉट्सऐप ग्रुप्स के ज़रिए लोगों को निशाना बनाता था और उन्हें फर्जी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर निवेश करने के लिए उकसाता था।
यह कार्रवाई दिल्ली पुलिस की साइबर अपराध से निपटने वाली विशेष यूनिट 'इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रेटजिक ऑपरेशंस' (IFSO) ने की है। इस ऑपरेशन में पुलिस ने सात मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
कैसे दिया गया ठगी को अंजाम?
शिकायतकर्ता नंदन सिंह नयाल (द्वारका निवासी) और उनके परिवार को '538 एक्शन प्राइस लैब' और 'विक्ट्री पायनियर्स कैपिटल' नाम के फर्जी वॉट्सऐप ग्रुप्स में जोड़ा गया। इन ग्रुप्स में ठग खुद को स्टॉक मार्केट एक्सपर्ट बताते थे और मुनाफे के नकली स्क्रीनशॉट शेयर कर लोगों का भरोसा जीतते थे। इसके बाद पीड़ितों को एक फर्जी ऑनलाइन ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म पर निवेश करने के लिए कहा गया, जहाँ उन्हें निवेश पर काल्पनिक मुनाफा दिखाया जाता था और अच्छे रिटर्न व आईपीओ अलॉटमेंट का वादा किया जाता था।
इस झांसे में आकर शिकायतकर्ता और उनके परिवार ने 22 ट्रांजैक्शन के जरिए कुल 67,78,000 रुपये उन बैंक खातों में भेज दिए, जो ठगों ने उपलब्ध कराए थे।
मुनाफा निकालने की कोशिश में और पैसे मांगे
जब पीड़ितों ने अपना कथित मुनाफा और निवेश की रकम निकालने की कोशिश की, तो जालसाजों ने पेंडिंग ऑर्डर और अन्य बकाये का बहाना बनाकर उनसे 1,10,75,424 रुपये की और मांग कर दी। जब पीड़ितों को धोखाधड़ी का शक हुआ और उन्होंने और पैसे देने से इनकार कर दिया, तो ठगों ने उनसे संपर्क तोड़ दिया।
फर्जी कंपनियों और बैंक खातों का जाल
जांच में सामने आया कि ठगी की रकम को फर्जी कंपनियों के नाम पर खोले गए कई बैंक खातों में घुमाया गया था। IFSO के डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (डीसीपी-I) गौरव त्यागी के अनुसार, यह एक संगठित 'म्यूल-अकाउंट' नेटवर्क था, जो धोखाधड़ी के पैसों को तुरंत दूसरी जगहों पर ट्रांसफर कर देता था। गिरोह ने हेरफेर किए गए केवाईसी दस्तावेजों का इस्तेमाल कर ये खाते खुलवाए थे। बाद में इस रकम को एटीएम या 'बेयरर चेक' से निकाल लिया जाता था या फिर क्रिप्टोकरेंसी में बदल दिया जाता था।
कौन-कौन हुआ गिरफ्तार?
पुलिस ने इस नेटवर्क से जुड़े सात लोगों को दिल्ली, प्रयागराज, लखनऊ और कानपुर से गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान पवन कुमार (प्रयागराज), मो. इजहान (लखनऊ), आर्यन कनौजिया और सानू कठेरिया उर्फ कार्तिक (कानपुर), तथा अशबिंद कुमार सिंह उर्फ 'बॉस' (45) और हेमंत कुमार शाह उर्फ जितेंद्र (दिल्ली) के रूप में हुई है।
इनपुट: IANS



