गोवा: इंडिगो विमान में उड़ान भरते ही आई तकनीकी खराबी, दिल्ली जा रही फ्लाइट की हुई इमरजेंसी लैंडिंग
गोवा से दिल्ली के लिए उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद इंडिगो के एक विमान को तकनीकी समस्या के चलते वापस लौटना पड़ा। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, मंगलवार को हुई इस घटना में पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए…
गोवा से दिल्ली के लिए उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद इंडिगो के एक विमान को तकनीकी समस्या के चलते वापस लौटना पड़ा। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, मंगलवार को हुई इस घटना में पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए विमान को गोवा के मनोहर अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर सुरक्षित उतार लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
यह मामला इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई 2102 का है, जिसने उत्तरी गोवा से सुबह 9:16 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान के तुरंत बाद ही चालक दल ने विमान में एक तकनीकी समस्या की सूचना दी। इसके बाद विमान को फौरन वापस गोवा की ओर मोड़ने का फैसला किया गया।
एयरपोर्ट पर 'फुल इमरजेंसी'
विमान की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए, मनोहर अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर सुबह करीब 9:30 बजे 'फुल इमरजेंसी' घोषित कर दी गई। हालांकि, विमान ने सफलतापूर्वक लैंडिंग की और सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया। इस घटना में किसी के घायल होने की कोई खबर नहीं है।
एयरलाइन ने एक बयान जारी कर बताया, "मानक संचालन प्रक्रिया के तहत संबंधित अधिकारियों को सूचित किया गया और पायलटों ने विमान को वापस मोड़कर मनहर अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर सुरक्षित उतार लिया।" यात्रियों को फिलहाल बोर्डिंग क्षेत्र में ठहराया गया है और उनके लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है।
इंडिगो ने जताया खेद
इंडिगो ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया है। एक प्रवक्ता ने कहा, "हम अपने ग्राहकों को हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हैं। इसे कम करने के लिए हमने हर संभव प्रयास किया, जिसमें यात्रियों को जलपान उपलब्ध कराना और समय-समय पर अपडेट देना शामिल है।" एयरलाइन ने यह भी स्पष्ट किया कि विमान की फिलहाल रखरखाव संबंधी जांच की जा रही है और जरूरी मंजूरियां मिलने के बाद ही वह दोबारा उड़ान भरेगा।
यह घटना इंडिगो की ऑनलाइन सेवाओं में हाल ही में आई तकनीकी दिक्कतों के बाद सामने आई है। पिछले महीने ही एयरलाइन की वेबसाइट और मोबाइल ऐप में परेशानी के कारण यात्रियों को बुकिंग और वेब चेक-इन करने में समस्याओं का सामना करना पड़ा था।
इनपुट: IANS



