बलूचिस्तान में BLA का 16 हमलों का दावा, पाकिस्तानी सुरक्षाबलों को भारी नुकसान पहुँचाने की बात कही
बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) ने पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में पिछले हफ्ते अपने हमलों को लेकर बड़ा दावा किया है। संगठन ने एक बयान जारी कर 7 से 12 अक्टूबर के बीच पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के खिलाफ…
बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) ने पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में पिछले हफ्ते अपने हमलों को लेकर बड़ा दावा किया है। संगठन ने एक बयान जारी कर 7 से 12 अक्टूबर के बीच पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के खिलाफ 16 अलग-अलग हमलों की जिम्मेदारी ली है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, BLA ने इन अभियानों में कई पाकिस्तानी सैन्यकर्मियों के मारे जाने और बड़ी संख्या में घायल होने का दावा किया है।
सोमवार को जारी इस बयान में BLA के प्रवक्ता जीयंद बलोच ने कहा कि उनके लड़ाकों ने छह दिनों के भीतर कई सफल ऑपरेशन किए। इनमें सैन्य काफिलों पर घात लगाना, IED और स्नाइपर हमले, हाईवे जाम करना और सेना के लिए मुखबिरी करने वालों को निशाना बनाना शामिल था।
विभिन्न इलाकों में हुए हमले
संगठन ने अपने हमलों का ब्योरा देते हुए बताया कि 10 अक्टूबर को पंजगुर जिले के पांची इलाके में एक सैन्य काफिले पर हमला किया गया, जिसमें चार जवान मारे गए और कई घायल हुए। इसी दिन किला अब्दुल्ला में सेना के एक वाहन पर ड्रोन से हमला किया गया, जिसमें तीन लोगों की मौत और सात से अधिक के घायल होने का दावा है। अवरां जिले के गिशकौर में भी एक और हमले में दो लोगों के मारे जाने की बात कही गई है।
BLA के दावों के मुताबिक, 11 अक्टूबर को मंगुचर में सड़क की सुरक्षा में लगे जवानों पर हमला हुआ, जिसमें दो सैनिक मारे गए। उसी दिन अवरां के ग्वारकोप में भी सेना के एक दल को निशाना बनाया गया। इसके अलावा, 12 अक्टूबर को बासिमा में एक स्नाइपर हमले में एक सैनिक के मारे जाने का दावा किया गया। संगठन ने 8 अक्टूबर को खुजदार जिले में एक चेकपोस्ट पर हमले और उसे उड़ा देने की भी जिम्मेदारी ली है।
समुद्री हमले और चेतावनी
इन जमीनी हमलों के साथ-साथ BLA ने एक बड़े समुद्री हमले का भी दावा किया है। प्रवक्ता के अनुसार, संगठन की समुद्री विंग ने 11 अक्टूबर को ग्वादर के जिवानी तटीय इलाके में पाकिस्तान कोस्ट गार्ड की दो नावों पर हमला किया, जिसमें 13 जवान मारे गए। BLA ने इस हमले को जमीन और समुद्र दोनों में अपनी बढ़ती ताकत का सबूत बताया है।
संगठन ने चेतावनी दी है कि बलोच तट पर पाकिस्तान और उसके सहयोगियों की आर्थिक व सैन्य गतिविधियों को निशाना बनाया जाता रहेगा। बयान में कहा गया है कि यह "नौसैनिक लड़ाई पूरी ताकत से जारी रहेगी" ताकि तटीय संसाधनों के शोषण को रोका जा सके।
इनपुट: IANS



