किश्तवाड़ में SPO की हत्या: CPI नेता डी. राजा ने जम्मू-कश्मीर पर केंद्र की नीति को बताया 'विफल'
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) की हत्या के बाद भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) के महासचिव डी. राजा ने केंद्र सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला है। समाचार एजेंसी IANS से…
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) की हत्या के बाद भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) के महासचिव डी. राजा ने केंद्र सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला है। समाचार एजेंसी IANS से सोमवार को हुई बातचीत में उन्होंने कहा कि यह घटना दर्शाती है कि केंद्र सरकार जम्मू-कश्मीर के लिए सही नीतियां बनाने और वहां के लोगों की आकांक्षाओं को समझने में विफल रही है।
राजा ने सीमा पार आतंकवाद से निपटने और शांति बहाली के सरकार के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा, "यह घटना केंद्र सरकार की उस विफलता का नतीजा है, जिसके तहत वह जम्मू-कश्मीर के लिए सही नीतियां नहीं बना पाई।" उन्होंने मौजूदा व्यवस्था पर टिप्पणी करते हुए कहा कि वहां एक चुनी हुई सरकार तो है लेकिन राज्य का दर्जा (स्टेटहुड) नहीं है।
शांति बहाली के दावों पर सवाल
CPI नेता ने केंद्र सरकार के आश्वासनों और जमीनी हकीकत के बीच अंतर पर जोर दिया। उन्होंने पूछा, "केंद्र सरकार भरोसा दिला रही है कि उसने कानून-व्यवस्था और शांति बहाल करने के लिए जरूरी कदम उठाए हैं, लेकिन जमीनी हकीकत क्या है?" उन्होंने यह भी सवाल किया कि अगर सरकार सीमा पार आतंकवाद को खत्म करने के लिए हर संभव कोशिश कर रही है, तो फिर ऐसी घटनाएं क्यों हो रही हैं।
डी. राजा ने कहा कि लोग लगातार राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन केंद्र उनकी सुनने को तैयार नहीं है। उनके अनुसार, "मोदी सरकार यह समझने में नाकाम रही है कि इस इलाके में शांति सुनिश्चित करने के लिए लोगों का भरोसा जीतना बहुत जरूरी है।"
सरकार की आलोचना देश की आलोचना नहीं
राहुल गांधी के बयानों पर गृह मंत्री अमित शाह की प्रतिक्रिया से जुड़ी राजनीतिक बहस पर डी. राजा ने कहा कि केंद्र सरकार की आलोचना को देश की आलोचना नहीं माना जाना चाहिए। उन्होंने कहा, "राहुल गांधी ने जो कहा, वह देश के बारे में नहीं बल्कि सरकार के बारे में था। प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व वाली सरकार को ऐसा व्यवहार नहीं करना चाहिए कि मानो वह पूरे देश का प्रतिनिधित्व कर रही हो।"
इसके अलावा, RSS प्रमुख मोहन भागवत के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए राजा ने कहा कि अगर उनके पास भारत के खिलाफ काम कर रही बाहरी ताकतों के सबूत हैं, तो उन्हें देश के सामने रखना चाहिए। उन्होंने RSS पर "सांप्रदायिक, फासीवादी और विभाजनकारी विचारधारा" को बढ़ावा देने और देश की एकता को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया।
आगामी विधानसभा चुनावों के बारे में उन्होंने बताया कि CPI अपनी चुनावी रणनीति पर चर्चा कर रही है और यह आकलन कर रही है कि वह कितनी सीटों पर लड़कर भाजपा और उसके सहयोगियों को हराने में योगदान दे सकती है।
इनपुट: IANS



