किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी को दी 7 सूत्रीय 'बिन मांगी सलाह', बोले- भाजपा को दुश्मन नहीं, प्रतिद्वंद्वी समझें
केंद्रीय संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को लेकर सोशल मीडिया पर एक विस्तृत पोस्ट किया है, जिसमें उन्होंने कांग्रेस नेता को सात बिंदुओं में 'बिन मांगी सलाह' दी…
केंद्रीय संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को लेकर सोशल मीडिया पर एक विस्तृत पोस्ट किया है, जिसमें उन्होंने कांग्रेस नेता को सात बिंदुओं में 'बिन मांगी सलाह' दी है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, रिजिजू ने यह टिप्पणी एक वीडियो साझा करते हुए की, जिसमें एक लेखक गांधी परिवार के शासनकाल में भारत के आर्थिक प्रदर्शन पर सवाल उठा रहे हैं।
रिजिजू ने अपने पोस्ट में कहा कि यदि राहुल गांधी इन सलाहों पर अमल करें तो वे कांग्रेस के लोगों का कुछ भरोसा जीत सकते हैं। उन्होंने राहुल गांधी को भाजपा, आरएसएस और प्रधानमंत्री मोदी के प्रति अपनी 'गहरी नफरत' खत्म करने और भाजपा को राजनीतिक विरोधी मानने की सलाह दी, न कि दुश्मन।
क्या है साझा किए गए वीडियो में?
मंत्री द्वारा 'एक्स' पर साझा किए गए वीडियो में 'एशिया रिबॉर्न' पुस्तक के लेखक पी.के. बासु, राहुल गांधी से सवाल करते दिख रहे हैं। बासु पूछते हैं कि जब देश आजाद हुआ तो भारत की प्रति व्यक्ति आय और जीवन प्रत्याशा (32 वर्ष) दुनिया में सबसे कम थी, जबकि अफ्रीका में यह 38 वर्ष थी। उन्होंने सवाल उठाया कि इस अंतर को पाटने के लिए भारत को दुनिया के औसत से तेज गति से बढ़ना चाहिए था, लेकिन ऐसा क्यों नहीं हुआ, जबकि उस लंबे कालखंड में अधिकतर समय उनके परिवार के लोग ही शासन कर रहे थे।
रिजिजू की सात प्रमुख सलाहें
वीडियो के साथ किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी के लिए सात सलाहें सूचीबद्ध कीं। इसमें भारत में अधिक समय बिताने और बार-बार होने वाली 'चुपचाप विदेश यात्राओं' से बचने का सुझाव शामिल है। उन्होंने यह भी कहा कि राहुल को भारतीय परंपरा के अनुसार वरिष्ठों का सम्मान करना चाहिए, भारत-विरोधी तत्वों से मिलने और उनके एजेंडे को बढ़ावा देने से बचना चाहिए।
अन्य सलाहों में संसद को गंभीरता से लेने, सांसदों को बहस में हिस्सा लेने देने, संविधान और संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान करने, और कांग्रेस पार्टी में परिवारवादी राजनीति खत्म कर उसे एक लोकतांत्रिक दल के रूप में काम करने देने का आग्रह किया गया। इसके अतिरिक्त, रिजिजू ने अपना एक पुराना पोस्ट भी उद्धृत किया, जिसमें उन्होंने विदेश में भारत का अपमान होने पर किसी के हंसने का अप्रत्यक्ष रूप से जिक्र किया था।
इनपुट: IANS



