बांग्लादेश में बड़ा ऑनलाइन स्कैम रैकेट? चीनी, पाकिस्तानी नागरिकों समेत 70 लोग हिरासत में
बांग्लादेश में एक बड़े ऑनलाइन स्कैम और जुए के रैकेट का भंडाफोड़ होने की आशंका जताई जा रही है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, चट्टोग्राम ज़िले के खुलशी इलाके में पुलिस ने एक इमारत पर छापा…
बांग्लादेश में एक बड़े ऑनलाइन स्कैम और जुए के रैकेट का भंडाफोड़ होने की आशंका जताई जा रही है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, चट्टोग्राम ज़िले के खुलशी इलाके में पुलिस ने एक इमारत पर छापा मारकर 70 लोगों को हिरासत में लिया है, जिनमें कई चीनी, पाकिस्तानी और वियतनामी नागरिक भी शामिल हैं।
यह कार्रवाई गुरुवार रात को शुरू हुई और कई घंटों तक चली। खुलशी पुलिस स्टेशन के इंचार्ज अधिकारी मो. अब्दुर रहीम ने 'द डेली स्टार' अखबार को बताया कि इन विदेशी नागरिकों ने ऑनलाइन स्कैम चलाने के लिए पूरी इमारत किराए पर ले रखी थी। छापेमारी के दौरान पुलिस ने बड़ी संख्या में लैपटॉप, मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ज़ब्त किए हैं।
वीज़ा और पहचान की जांच जारी
हिरासत में लिए गए कई लोगों ने शुरुआती पूछताछ में दावा किया है कि वे करीब छह सप्ताह पहले 'वीज़ा ऑन अराइवल' पर बांग्लादेश आए थे। पुलिस अब इस बात की गहन जांच कर रही है कि इन सभी के पास वैध पासपोर्ट और वीज़ा हैं या नहीं। साथ ही, उनकी राष्ट्रीयता, पहचान और इन अवैध गतिविधियों में उनकी भूमिका की भी पुष्टि की जा रही है।
स्थानीय मीडिया 'टाइम्स ऑफ बांग्लादेश' ने एक सूत्र के हवाले से बताया है कि सुरक्षा एजेंसियों को इस जगह पर विदेशी नागरिकों की संदिग्ध आवाजाही, बड़े पैमाने पर पैसों के लेन-देन और कैसीनो जैसी गतिविधियों की पहले से जानकारी मिली थी। हालांकि, पुलिस ने अभी इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
कॉक्स बाज़ार में भी हुई थी ऐसी कार्रवाई
यह घटना कुछ ही दिनों पहले कॉक्स बाज़ार ज़िले में हुई एक और बड़ी कार्रवाई के बाद सामने आई है। वहां एक होटल में छापेमारी कर पुलिस ने पांच चीनी और एक ताइवानी नागरिक समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया था। जांचकर्ता इसे देश के सबसे बड़े संगठित साइबर-फ्रॉड ऑपरेशनों में से एक मान रहे हैं।
उस मामले में गिरफ्तार किए गए छह संदिग्धों पर ऑनलाइन धोखाधड़ी और साइबर अपराध के आरोप लगाए गए और 4 सितंबर को अदालत में पेशी के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया। उस छापे में लगभग 2,000 आईफोन, दर्जनों लैपटॉप और डेस्कटॉप कंप्यूटर भी ज़ब्त किए गए थे।
इनपुट: IANS



